WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Indore News: बॉम्बे हॉस्पिटल–तुलसी नगर मार्ग पर धंसी सड़क बनी हादसों का कारण

WhatsApp Image 2026 06 30 At 17.35.58

Indore News: बॉम्बे हॉस्पिटल–तुलसी नगर मार्ग पर धंसी सड़क बनी हादसों का कारण

रहवासियों ने प्रशासन से की तत्काल मरम्मत की मांग

इंदौर। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल बॉम्बे हॉस्पिटल–तुलसी नगर रोड पर चिल्ली चटनी रेस्टोरेंट के सामने सड़क का एक हिस्सा करीब दो से तीन फीट तक धंस गया है। सड़क के बीच बने इस गहरे गड्ढे ने राहगीरों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

WhatsApp Image 2026 06 30 at 17.35.58 1

राधिका पैलेस कॉलोनी के निवासी रूपेश शर्मा के अनुसार, पिछले वर्ष नगर निगम ने इसी स्थान पर वर्षा जल निकासी के लिए स्टॉर्म वॉटर लाइन बिछाई थी। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क की समुचित मरम्मत और कंक्रीटिंग नहीं की गई। इसका परिणाम यह है कि हर वर्ष बरसात के दौरान इस हिस्से में पानी जमा हो जाता है और सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

रहवासियों का कहना है कि कुछ समय पूर्व सड़क का यह हिस्सा धंसकर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया, लेकिन अब तक नगर निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा इसकी मरम्मत के लिए कोई पहल नहीं की गई है।

तुलसी नगर निवासी राजेश तोमर, राकेश जायसवाल और अमोल पाटिल ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह मार्ग प्रतिदिन हजारों लोगों द्वारा उपयोग किया जाता है। ऐसे में सड़क का धंसा हुआ हिस्सा गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने संबंधित विभागों से जनहित में शीघ्र मरम्मत कार्य प्रारंभ कराने की अपील की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है, क्योंकि पानी भरने से गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।