
बुजुर्ग दंपति हत्याकांड: 5 किलोमीटर के दायरे में 10 हजार फुटेज खंगाले, दर्जनभर संदिग्धों से पूछताछ
भोपाल: ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर स्थित आंबेडकर कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक हत्याकांड में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र में लगे दस हजार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल चुकी है। उसके आधार पर पुलिस ने दर्जनभर संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया है। साथ ही पुलिस दंपति के परिजनों से भी लगातार पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस को दंपति के मोबाइल फोन मिले हैं, जिसका डाटा पुलिस रिकवर करने में जुटी हुई है।
शुरूआती जांच में पुलिस का फोकस प्रॉपर्टी विवाद और सुपारी किलिंग के एंगल पर है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाने में लगी है। पुलिस ने इस मामले में अभी तक किसी भी संदेही को क्लीन चिट नहीं दी है। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल डेटा की जांच अभी जारी है।
पुलिस जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया है। दंपती के मकान में रहने वाला एक किराएदार वारदात से करीब चार दिन पहले अचानक लापता हो गया था। उसका सामान अभी भी मकान में रखा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मान रही है कि उससे पूछताछ मामले की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इसी दौरान एक शराब दुकान की फुटेज मिली, जिसमें संदिग्ध हुलिए का एक युवक शराब खरीदते हुए दिखाई दिया। उसने भुगतान आनलाइन किया था। इसी डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। टीम में दो एसीपी के अलावा क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस के अधिकारी शामिल हैं। एसआईटी सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल साक्ष्य और परिजनों व अन्य संबंधित लोगों के बयानों का मिलान कर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।





