
मंदसौर पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत पोस्टर प्रतियोगिता आयोजन हुआ
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर । मध्यप्रदेश पुलिस पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री कैलाश मकवाना की मंशानुसार प्रदेश भर में पुलिस बल के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है इस कड़ी में मंदसौर जिले में भी सभी थाना क्षेत्रों में सक्रियता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं ।
जिला मुख्यालय पर पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर में “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं हेतु साइबर सुरक्षा जागरूकता विषयक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग से संबंधित आकर्षक एवं जागरूकतापरक पोस्टर प्रस्तुत किए। अलग अलग स्कूलों के विद्यार्थियों पेपर शीट पर रंग भरे और अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए सायबर अपराधों से बचने का संदेश दिया । चार वर्ष की बालिका ने भी सहभागिता की । प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, वहीं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों से संवाद कर प्रोत्साहित किया ओर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेरसिंह बघेल ने प्रतिभागियों एवं उपस्थित अभिभावकों से चर्चा में बताया कि पुलिस मदद को तैयार है पर सावधानी स्वयं बरतने हेतु अनुरोध किया जा रहा है सुरक्षित क्लिक – सुरक्षित जीवन को ध्यान में रखें और कोई समस्या होती है तो तत्काल 1930 पर कॉल करें ।

जागरुकता कार्यक्रम के में ग्रामीण एसडीओपी, मल्हारगढ़ एसडीओपी, एजेके एसडीओपी एवं महिला अपराध प्रकोष्ठ की डीएसपी श्रीमती कीर्ति बघेल का विशेष सहयोग रहा। शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने में थाना यशोधर्मन नगर प्रभारी श्री शिवांशु मालवीय एवं भावना आर्ट क्लासेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु निर्णायक मंडल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेरसिंह बघेल, आर्टिस्ट श्रीमती भावना लोहार एवं जिला शांति समिति सदस्य श्री अनिल संगवानी शामिल रहे।
कार्यक्रम में शहर कोतवाली थाना प्रभारी श्री पुष्पेंद्र सिंह राठौर एवं थाना नई आबादी प्रभारी श्री कुलदीप सिंह राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने हेतु प्रेरित करना रहा।





