राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की मौजूदगी में होगा निकाय चुनाव का शंखनाद-शिवराज

554

भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के एक जून को भोपाल और फिर जबलपुर प्रवास के दौरान उनकी जोरदार अगवानी के लिए कार्यकर्ता उत्साहित हैं। यह हमारे लिए संयोग की बात है कि नड्डा के प्रवास के साथ ही पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की शुरुआत हो रही है और वे कार्यकर्ताओं में संघर्ष का शंखनाद करेंगे।

सीएम चौहान ने ये बातें नड्डा के स्वागत की तैयारियों का निरीक्षण करने के दौरान कहीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की मौजूदगी में चौहान ने कहा कि प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा राजनीतिक परिदृश्य पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने इस मौके पर कहा कि चार राज्यों में चुनावी जीत के बाद यहां आ रहे नड्डा का जोरदार स्वागत करने के लिए कार्यकर्ता आतुर हैं। समय का ध्यान रखते हुए यह तय किया गया है कि लाल परेड मैदान में ही मुख्य रूप से स्वागत होगा अन्यथा काफी समय लग जाएगा। भोपाल में राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रेस कांफ्रेंस, मंत्रियों के साथ बैठक भी होगी।