Narendra Saluja Back to PCC : प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग में सलूजा की वापसी!

प्रदेश कांग्रेस ने इस आशय का पत्र जारी कर दिया

1468

Bhopal : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष और अपने मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा को फिर उपाध्यक्ष पद पर पदस्थ कर दिया। साथ ही सलूजा को अपना मीडिया समन्वयक भी बना दिया गया। उनकी वापसी की संभावना कई दिनों से लगाई जा रही थी। आज प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने इस आशय का पत्र जारी कर दिया।

कांग्रेस के मीडिया विभाग में पुनर्गठन के बाद नरेंद्र सलूजा ने इस्तीफा दे दिया था, जिसे 8 जून को प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने स्वीकार कर लिया था। सलूजा ने मीडिया टीम के गठन को लेकर नाराजगी जताई और कहा था कि मैं आपके (कमलनाथ) द्वारा दी गई किसी भी जवाबदारी का निर्वहन करने में असमर्थ हूं।

WhatsApp Image 2022 07 07 at 9.25.57 PM
कमलनाथ के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से नरेन्द्र सलूजा उनके मीडिया समन्वयक की भूमिका पूरी तन्मयता से निभा रहे थे। पिछले दिनों जब पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस्तीफा दिया तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केके मिश्रा को अध्यक्ष बनाकर विभाग की जिम्मेदारी सौंपी। सलूजा को उस टीम में उपाध्यक्ष बनाया गया और उनकी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक की भूमिका को भी बरकरार रखा गया। लेकिन, सलूजा नई टीम के गठन और स्वयं को लेकर दी गई भूमिका से नाराज थे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को भेजे त्यागपत्र में इसे जाहिर करते हुए लिखा कि मेरी कांग्रेस और आपके प्रति पिछले 30 साल की निष्ठा, ईमानदारी व कार्यों का मुझे बहुत ही अच्छा इनाम आपने इस सूची में उल्लेखित कर दिया है। मेरा किसी को भी दी गई किसी भी जवाबदारी पर कोई विरोध नहीं है। मैं आपके द्वारा दी गई किसी भी जवाबदारी का निर्वहन करने में असमर्थ हूं और आपके द्वारा सौंपी सभी जिम्मेदारियों व कांग्रेस के सभी पदों से त्यागपत्र दे रहा हूं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बुधवार को सलूजा के त्यागपत्र को स्वीकार करते हुए उन्हें सभी दायित्वों से मुक्त कर दिया। लेकिन, अब वे दोनों पदों पर वापस लौट आए।