मंदसौर की सभी 9 नगर परिषदों के नतीजे, 7 पर BJP, 1 पर कांग्रेस का कब्जा, 1 पर निर्दलीय

मंदसौर से डॉ. घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। नगर निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के परिणाम बुधवार दोपहर स्पष्ट हो गये। भाजपा ने बढ़त बनाये रखी वहीं कांग्रेस ने भानपुरा नगर परिषद भाजपा से छीन कब्जा जमाया।

जिले की एक नगर पालिका और दस नगर परिषद के चुनाव में अंतिम फैसला 10 भाजपा और 1 कांग्रेस के पक्ष में रहा है।

सात सालों बाद हुए निर्वाचन में कांग्रेस ने शामगढ़, भानपुरा, गरोठ, भैंसोदा मंडी आदि स्थानों पर प्रदर्शन सुधारा है वहीं मंदसौर, सीतामऊ, नारायणगढ़ आदि स्थानों पर प्रदर्शन कमजोर रहा।

बुधवार सुबह जिले में कलेक्टर गौतमसिंह, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के साथ निर्वाचन पर्यवेक्षक रामेश्वर गुप्ता ने निरीक्षण किया और विधिवत ईवीएम मशीनों की मतगणना शुरू हुई। लगभग तीन चार घंटों में ही निर्णय स्पष्ट हो गये।

अब भैंसोदा मंडी, गरोठ में पार्षदों द्वारा अध्यक्ष के चयन बाद स्थिति स्पष्ट होगी। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों द्वारा अपने समर्थकों को काबिज़ कराने के जतन शुरू कर दिये हैं।

महत्वपूर्ण है कि मल्हारगढ़ क्षेत्र में वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा और सीतामऊ क्षेत्र में ऊर्जा मंत्री हरदीपसिंह डंग स्वयं पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्षदों के उत्साह वर्धन के लिए मौजूद रहे।

वित्तमंत्री श्री देवड़ा ने इस जीत को पार्टी के प्रति विश्वास की जीत बताया है और मतदाताओं का आभार माना है।

जिले की 9 नगर परिषद का परिणाम इस प्रकार रहा – – –

-♦️ मल्हारगढ़ नगर परिषद के 15 वार्डों में से 9 बीजेपी, 5 कांग्रेस और 1 निर्दलीय जीता।

-♦️ पिपलिया मंडी नगर परिषद के 15 वार्डों में 8 बीजेपी, 5 कांग्रेस और 2 निर्दलीय जीता।

– ♦️नारायणगढ़ नगर परिषद के 15 वार्डों में 10 बीजेपी, 4 कांग्रेस, 1 निर्दलीय को विजय मिली।

प्रदेश के वित्तमंत्री एवं क्षेत्र के विधायक जगदीश देवड़ा की तीनों नगर परिषद मल्हारगढ़, नारायणगढ़ और पिपलियामंडी में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है।

वित्तमंत्री श्री देवड़ा स्वयं क्षेत्र में सक्रिय रहे।

– ♦️सीतामऊ नगर परिषद के 15 वार्डों में 14 पर बीजेपी और 1 पर कांग्रेस जीती।

-♦️ सुवासरा नगर परिषद के 15 वार्डों में 9 बीजेपी, 6 पर कांग्रेस उम्मीदवार जीते।

-♦️ गरोठ नगर परिषद के 15 वार्डों में 8 बीजेपी, 7 में कांग्रेस उम्मीदवार जीते। नगर परिषद गरोठ में कांग्रेस ने वापसी की है। क्षेत्र के भाजपा विधायक देवीलाल धाकड़ के लिए चिंता की बात है कि मुख्यालय गरोठ एवं भानपुरा के तीस पार्षदों में मात्र 12 पार्षद ही चुने जा सके हैं।

– ♦️भानपुरा नगर परिषद के 15 वार्डों में कांग्रेस के 10 प्रत्याशी जीते, बीजेपी के खाते में 4 पार्षद और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज़ की है। लम्बी अवधि बाद भानपुरा नगर परिषद में कांग्रेस ने बढ़त दर्ज़ करते हुए भाजपा को बड़ी शिकस्त दी है।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुभाष सोजतिया के नेतृत्व में यह जीत बताई जा रही है। ज्ञातव्य है कि जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायतों में भी कांग्रेस समर्थितों ने बढ़त दर्ज़ की, अब नगर परिषद में भी स्पष्ट बहुमत मिला है।

-♦️ शामगढ़ नगर परिषद के 15 वार्डों में से बीजेपी के 7, कांग्रेस के 6, 2 निर्दलीय जीते। भाजपा का अध्यक्ष चुने जाने की स्थिति बन रही है।

– ♦️भैसोदामंदी नगर परिषद के गठन होने के बाद पहली बार चुनाव हुआ 15 वार्डों में से बीजेपी के 7, कांग्रेस 6 और 2 निर्दलीय उम्मीदवार जीते।

बताया जा रहा है कि 2 निर्दलीय कांग्रेस समर्थक माने जाते हैं, सही स्थिति परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर सामने आएगी।

जिले की नगर परिषद के लिए 495 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। आम आदमी पार्टी पहली बार मंदसौर सहित सीतामऊ में चुनाव लड़ी। कोई सफलता नहीं मिल पाई पर आमद अवश्य दर्ज़ कराई है।