MP News: अगले महीने हो सकती है प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारियों की छुट्टी

जम्बो कार्यकारिणी से निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाने की तैयारी

519
महिला कांग्रेस की उपाध्यक्षों को तवज्जो देने बैठक हुई

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में अगले महीने कई पदाधिकारियों की छुट्टी हो सकती है। ये वे पदाधिकारी होंगे जो लंबे अरसे से निष्क्रिय हैं और निकाय एवं पंचायत चुनावों में भी इनकी भूमिका पार्टी में सक्रियता से नहीं दिखाई दी। प्रदेश में संगठन चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी बनाई जा सकती है। इसमें बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है।
अगस्त में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके बाद नई कार्यकारिणी बनाई जा सकती है। अभी प्रदेश कांग्रेस की जम्बो कार्यकारिणी हैं। जिसमें सैकड़ों की संख्या में प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव बनाए गए थे। अब कमलनाथ ने लगभग सभी प्रदेश पदाधिकारियों की जानकारी जुटाई जिसमें पता चला कि कई पदाधिकारी सक्रिय नहीं हैं। ऐसे में अब उनकी छुट्टी की जा सकती है। ऐसा भी माना जा रहा है कि फिलहाल कमलनाथ अपनी टीम को जम्बो नहीं रखेंगे। इसमें ऐसे ही नेताओं को जगह मिलेगी जो पार्टी में सक्रिय हैं।

जिलों में भी होगा ऐसा ही
वहीं जिलों में भी ऐसा ही होगा। निष्क्रिय पदाधिकारियों को जिला संगठन से हटाया जाएगा और उनकी जगह पर सक्रिय नेताओं और कार्यकर्ताओं को इसमें जगह दी जाएगी। खासकर जिन कार्यकर्ताओं ने नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी में काम किया उन्हें इस बार जिला या ब्लॉक कार्यकारिणी में जगह दी जा सकती है।

शोभा ओझा की होगी वापसी
राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद अब कांग्रेस नेता शोभा ओझा की भी पीसीसी में वापसी हो सकती है। शोभा ओझा को एआईसीसी ने अभी गुजरात राज्य के संगठन चुनाव करवाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें वहां का प्रदेश रिटर्निंग आॅफिसर बनाया गया है। वहां के चुनाव करवाने के बाद उन्हें संगठन में पद दिया जा सकता है।