MP News: छह निकायों में अध्यक्ष बनवाने में आप की महत्वपूर्ण भूमिका

1000

भोपाल: नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब नगर पालिका और नगर परिषदों में अध्यक्ष बनवाने में आम आदमी पार्टी (आप) की कई निकायों में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उसके पार्षद एक या दो कुछ नगरीय निकायों में बने हैं, इनमें से आधा दर्जन निकायों में भाजपा और कांग्रेस को अपना अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनवाने में आप की मदद की दरकार हो सकती है।

आप के प्रदेश भर में 25 पार्षद चुने गए हैं। इनमें से विजयपुर, लांजी, कोलारस, गोहद, घुवारा, चंदला जैसे निकायों में आम आदमी पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। इनमें से चंदला में आप के दो पार्षद चुने गए हैं। जबकि भाजपा के 6 और कांग्रेस के चार पार्षद हैं। जबकि इस निकाय में कुल 15 वार्ड हैं। ऐसे में चंदला  में यदि आप ने भाजपा का साथ दिया तो उसका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बन सकता है।

इसी तरह विजयपुर में 15 वार्ड के निकाय में भाजपा और कांग्रेस के 6-6 पार्षद हैं। जबकि आप का एक और दो निर्दलीय पार्षद  हैं। यहां पर भी आप के समर्थन की दरकार दोनों ही दलों को है। इसी तरह लांजी में भाजपा के सात, कांग्रेस के 4 पार्षद हैं। यहां पर आप का एक पार्षद हैं। यहां पर भी भाजपा को अध्यक्ष के लिए कम से कम एक पार्षद की और जरुरत पड़ेगी। इसी तरह कोलारस के 15 वार्डो में से सात पर भाजपा काबिज हुई है, जबकि 6 निर्दलीय और एक आप का पार्षद है। गोहद में विचित्र स्थिति बन गई है, 15 वार्ड की इस निकाय में 9 निर्दलीय पार्षद हैं, जबकि भाजपा के तीन और कांग्रेस के पांच पार्षद हैं। आप का एक पार्षद हैं। निर्दलीय मिलकर अलग से अपना अध्यक्ष बनवाने की तैयारी कर रहे हैं। घुवारा में भाजपा के 5 और कांग्रेस के चार पार्षद हैं। यहां पर भी आप की भूमिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव में अहम होगी।

नहीं तय किया किसके साथ जाएंगे
अभी आम आदमी पार्टी ने यह तय नहीं किया है कि इन निकायों में वह किस पार्टी को समर्थन करेगी। इसे लेकर जल्द ही पार्टी के अंदर मंथन होगा। इसके बाद यह तय हो जाएगा कि आप किसी पार्टी को समर्थन देगी भी या नहीं।