एमपी में भाजपा के गढ़ से निकलेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

1099

भोपाल: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भाजपा के गढ़ वाले क्षेत्रों में ही मध्य प्रदेश में रहेगी। राहुल की यात्रा बुरहानुपर विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश में आएगी और सुसनेर विधानसभा क्षेत्र से राजस्थान में चली जाएगी। इस दौरान वे 20 विधानसभा क्षेत्रों में से होकर गुजरेंगे। इनमें से कांग्रेस सिर्फ 5 सीटों पर ही काबिज है। मालवा क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी की इस यात्रा को बहुत ही अहम माना जा रहा है। फिलहाल जो कार्यक्रम तय है उसके अनुसार राहुल गांधी 25 नवम्बर को बुरहानपुर से प्रदेश में प्रवेश करेंगे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश के जिन विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, उनमें से अधिकांश क्षेत्र भाजपा के गढ़ बन चुके हैं। इनमें से कुछ सीटों पर कांग्रेस लंबे अरसे से नहीं जीत सकी है। खंडवा विधानसभा क्षेत्र ऐसा है जहां पर कांग्रेस 1990 से जीत दर्ज नहीं कर सकी है। वहीं पंधाना, बुरहानुपर, उज्जैन उत्तर, उज्जैन दक्षिण, सुसनेर में कांग्रेस 2003 से चुनाव नहीं जीत सकी है। इंदौर शहर की दो, चार और पांच नंबर में कांग्रेस लगातार हारती आ रही है। वहीं नेपानगर इस बार कांग्रेस ने 15 साल बाद जीती थी, लेकिन कुछ महीनों बाद ही कांग्रेस विधायक ने भाजपा का दामन थाम लिया और अब वे भाजपा से विधायक हैं। महू कांग्रेस लगातार तीन बार से हार रही है।

यात्रा करेगी फायदा
कांग्रेस के नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी की यात्रा से मालवा और निमाड़ क्षेत्र में पार्टी को लाभ मिलेगा। जिन क्षेत्रों में कांग्रेस लंबे अरसे से नहीं जीती है, वहां का कार्यकर्ता राहुल गांधी की यात्रा से रिचार्ज होकर, पार्टी के लिए पूरी ताकत से काम में जुटेगा।