Differences in Congress : पटेरिया के बयान पर कांग्रेस में मतभेद, नेता प्रतिपक्ष साथ खड़े! 

डॉ गोविंद सिंह ने कहा 'माफी मांगने के बावजूद गिरफ्तारी गलत'

278

Differences in Congress : पटेरिया के बयान पर कांग्रेस में मतभेद, नेता प्रतिपक्ष साथ खड़े! 

Bhopal : कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान पर कांग्रेस में ही मतभेद नजर आ गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पटेरिया के बयान की निंदा करते हुए नोटिस जारी किया। जबकि, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह पटेरिया के समर्थन में खड़े हो गए। उनका कहना है कि पटेरिया के बयान पर पुलिस ने गलत कार्रवाई की गई। उनके वीडियो को अधूरा सुनकर भाजपा नेताओं के दबाव में कार्रवाई की गई।

नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके द्वारा हत्या का मतलब है चुनाव हराना। उन्होंने चुनाव हराने वाली बात उसी समय स्पष्ट कर दी थी। इसके बाद भी खेद व्यक्त किया। कभी राजा पटेरिया की मंशा इस तरह की नहीं रही। वो अहिंसा के पुजारी हैं, हिंसा विरोधी हैं वे पशु हिंसा का विरोध करते रहे हैं। फिर मानव हिंसा की तो बात वो व्यक्ति सोच भी नहीं सकता। छोटी बात को खेद व्यक्त किया कि किसी को इस बात से बुरा लगा हो तो खेद व्यक्त करता हूं। उन्होंने तत्काल कहा था कि हत्या से मतलब चुनाव हराने से है।

राजा पटेरिया के बयान पर कमलनाथ ने कहा था कि इस प्रकार के बयान की मैं कड़ी निंदा करता हूं, कांग्रेस का रास्ता महात्मा गांधी का रास्ता है। मामला कोर्ट में है, कोर्ट जो निर्णय लेगी वह सभी को मामला होगा। हमने शो कॉज नोटिस दिया है। डॉ गोविंद सिंह के पटेरिया का समर्थन में आने पर कमलनाथ ने कहा कि एक बार कोई बयान आ जाए उस पर पुलिस ने कार्रवाई की। उसके बाद जो कुछ कहना चाहें वो अपनी सफाई देना चाहें वो दें।

नेता प्रतिपक्ष से जब पूछा गया कि क्या ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस राजा पटेरिया के साथ खड़ी है, तो इस पर उन्होने कहा कि मैं कांग्रेस की बात तो नहीं कह सकता, अभी मेरी नेताओं से चर्चा नहीं हुई। लेकिन, मैं ये मानता हूं कि उनकी गिरफ्तारी नहीं होनी चाहिए।

ये था मामला 

बुंदेलखंड इलाके के कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने कार्यकर्ताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित हत्या की बात कही। पन्ना में पटेरिया ने कहा कि अगर लोकतंत्र को बचाना है, तो मोदी की हत्या को तत्पर रहो। हत्या का मतलब हराना है। इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- ये विद्वेष की पराकाष्ठा है। ये घृणा की अति है। कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो गए हैं। ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। कानून अपना काम करेगा।