चुनाव लड़ने वालों को नहीं दिए जाएंगे पद, नई टीम कांग्रेस जल्द*

337

चुनाव लड़ने वालों को नहीं दिए जाएंगे पद, नई टीम कांग्रेस जल्द

भोपाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जनवरी में अपनी नई टीम का ऐलान करेंगे। यह टीम पुरानी की तरह जम्बो नहीं होगी। इसमें चुनिंदा नेताओं को ही जगह मिलेगी। खासकर उन नेताओं को इसमें महत्व दिया जाएगा जो विधानसभा का चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं हैं। बताया जाता है कि नई टीम बनाने का खाका तैयार हो चुका है। इसमें उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव को मिलाकर सौ नेताओं को ही पद दिए जाएंगे। इसमें इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि पद सिर्फ उन्हें ही दिया जाए जो संगठन के लिए काम करना चाहते हैं। चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी से दूर रखा जाएगा। प्रदेश में 26 जनवरी से हाथ जोड़ो अभियान शुरू होगा, इससे पहले नाथ अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं।

सभी गुटों को साधने का होगा काम

नई टीम में प्रदेश कांग्रेस के सभी गुटों और नेताओं को साधने का काम भी नाथ करेंगे। इसमें नाथ के भरोसे के लोगों को जगह मिलना तय है। ये सभी अब भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संगठन का काम देख रहे हैं। इनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया को महत्व दिए जाएगा। वहीं क्षेत्र का संतुलन भी इस टीम में बनाया जाएगा।

धीरे-धीरे हो जाएगी जम्बो टीम

जबकि पिछली बार कमलनाथ ने अपनी जो टीम बनाई थी। उसमें डेढ़ हजार से ज्यादा पदाधिकारी थे। इस टीम में भी चुनाव आते-आते जम्बो बन जाने के आसार है। हालांकि जब कमलनाथ ने अपनी पहली बार टीम बनाई थी,तब पदाधिकारियों की संख्या बहुत ज्यादा नहीं थी, लेकिन विधानसभा चुनाव के लगातार पदाधिकारी बनाने का क्रम चलता रहा। नाथ की सरकार गिर जाने के बाद हुए उपचुनाव को देखते हुए भी पदाधिकारी बनाए जाने का क्रम जारी रहा था। इसके चलते एक हजार से ज्यादा पदाधिकारी बन गए थे।