
इंदौर को ‘इंटेलिजेंस कैपिटल ऑफ इंडिया’ बनाने की दिशा में बड़ा कदम,गूगल क्लाउड स्थापित करेगा AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
वरिष्ठ पत्रकार के. के. झा की विशेष रिपोर्ट
इंदौर। मध्य भारत की आर्थिक राजधानी इंदौर अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित नवाचारों का उभरता हुआ केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। मध्यप्रदेश सरकार और Google Cloud India के बीच चल रही रणनीतिक चर्चाओं के तहत शहर में एक समर्पित AI Centre of Excellence (CoE) स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
प्रस्तावित सेंटर का उद्देश्य एआई आधारित शासन, कौशल विकास, अनुसंधान, उद्योग समाधान तथा डिजिटल नवाचार को नई गति प्रदान करना है। राज्य सरकार इसे इंदौर को “Intelligence Capital of India” के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मान रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह सेंटर कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्मार्ट गवर्नेंस, सार्वजनिक सुरक्षा तथा उद्योगों के लिए एआई आधारित व्यावहारिक समाधान विकसित करेगा। साथ ही, सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल आयोजनों में भी एआई तकनीकों का उपयोग कर भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण, सुरक्षा और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग प्रदान करेगा।
प्रस्तावित CoE के माध्यम से 10,000 से अधिक डेवलपर्स, स्टार्टअप उद्यमियों और तकनीकी पेशेवरों को प्रशिक्षित करने की योजना है, जिससे मध्यप्रदेश में एक मजबूत AI टैलेंट नेटवर्क विकसित हो सकेगा। यह पहल उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच सहयोग को भी बढ़ावा देगी तथा युवाओं को उभरती प्रौद्योगिकियों में वैश्विक अवसरों से जोड़ने का कार्य करेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि गूगल क्लाउड के अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म, विशेषकर जेमिनी ए आईं , के उपयोग से क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप स्थानीय भाषा आधारित और नागरिक-केंद्रित समाधान विकसित किए जा सकेंगे।
मध्यप्रदेश सरकार वैश्विक तकनीकी निवेश आकर्षित करने के लिए सक्रिय प्रयास कर रही है और गूगल क्लाउड की यह संभावित पहल इंदौर को देश के प्रमुख तकनीकी एवं नवाचार केंद्रों की श्रेणी में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
इंदौर की टेक कम्युनिटी, विशेषकर गूगल डेवलपर्स ग्रुप से जुड़े डेवलपर्स और स्टार्टअप्स ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे मध्य भारत के युवाओं के लिए एक “गेम चेंजर” बताया है। यदि यह परियोजना मूर्त रूप लेती है, तो इससे रोजगार, अनुसंधान और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे तथा इंदौर भारत के तेजी से विकसित हो रहे AI इकोसिस्टम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





