इंदौर के नायता मुंडला में पटाखा गोदाम में भीषण आग, चपेट में कार और दोपहिया वाहन; धमाकों से दहला इलाका

जिम तक पहुंचीं लपटें, उड़ते रहे रॉकेट

27

इंदौर के नायता मुंडला में पटाखा गोदाम में भीषण आग, चपेट में कार और दोपहिया वाहन; धमाकों से दहला इलाका

इंदौर। इंदौर शहर के नायता मुंडला क्षेत्र में मंगलवार शाम एक पटाखा दुकान और गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर खड़ी एक कार जलकर खाक हो गई, जबकि कुछ दोपहिया वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। आग लगने के दौरान लगातार पटाखे फूटते रहे और रॉकेट इधर-उधर उड़ते नजर आए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में आग लगी वहां नीचे पटाखों का गोदाम और दुकान संचालित हो रही थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर जिम संचालित होता है। शाम करीब 5:40 बजे अचानक दुकान से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें ऊपर स्थित जिम तक पहुंच गईं।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड को शाम 5:55 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि नेमावर रोड और तीम इमली क्षेत्र में ट्रैफिक जाम के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में देरी भी हुई।

घटना के दौरान दुकान में रखे पटाखे लगातार फूटते रहे, जिससे आसपास काला धुआं फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पास में खड़ा एक आयशर वाहन भी खतरे की जद में आ गया था, जिसे लोगों ने दूसरी गाड़ी की मदद से समय रहते वहां से हटाया।

प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि संभवतः रॉकेट चलाकर दिखाने के दौरान वह दुकान के भीतर चला गया, जिससे आग भड़क गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को घटनास्थल से दूर किया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।