वास्तव में कांग्रेस में भगदड़ मची है…

वास्तव में कांग्रेस में भगदड़ मची है…

इन दिनों भाजपा जहां लोकसभा चुनाव की तैयारियों में व्यस्त है तो कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले नेताओं को पार्टी की सदस्यता देने में भी व्यस्त है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित भाजपा नेताओं की कोशिशें रंग ला रही हैं तो राम प्राण प्रतिष्ठा में कांग्रेस का नकारात्मक रवैया भी कांग्रेस नेताओं को मोदी की रीति नीति से जुड़ने को प्रेरित कर रहा है। यह कांग्रेस से भगदड़ जैसा माहौल ही है कि एक-एक दिन में ही दो अलग-अलग क्षेत्रों के दर्जनों कांग्रेस नेता भाजपा की सदस्यता ले रहे हैं। इनमें बड़े, मंझोले और छोटे सभी कद के नेता शामिल हैं तो सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी भी भाजपा की सदस्यता लेने में पीछे नहीं हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मानना है कि भाजपा का परिवार बड़ा हो रहा है और पार्टी में शामिल होने के लिए वेटिंग चल रही है। कांग्रेस से लोग परेशान हो चुके हैं, क्योंकि कांग्रेस में परिवार आगे बढ़ता है और भाजपा में सामूहिक नेतृत्व के कारण मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को भी सम्मान मिलता है। सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के विजन में शामिल होकर अपने-अपने क्षेत्रों का विकास करना चाहते हैं। पार्टी में सभी को सम्मान के साथ काम करने का मौका मिलेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के विचार हैं कि प्रदेश कांग्रेस मुक्त हो रहा है और अब कांग्रेस के मन में भी मोदी हैं। इस बार मिलकर प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें जीतेंगे और सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत प्राप्त कर देश भर में इतिहास बनाकर प्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाएंगे। तो कांग्रेस से भाजपा में आने वाले नेताओं का मत है कि कांग्रेस ने जिस दिन भगवान राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में जाने का प्रस्ताव ठुकराया उस दिन से कांग्रेस कार्यकर्ता के बतौर वह आहत हुए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की नीतियों और डबल इंजन की सरकार के साथ मिलकर विकास की गंगा में सहभागी बनने को वह तैयार हैं।
7 फरवरी 2024 को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्‍नू, डिण्डौरी जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते, उपाध्यक्ष अंजू जितेन्द्र ब्यौहार, डिंडौरी के पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष बीरेन्द्र बिहारी शुक्ला, सिंगरौली जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, जिला पंचायत सदस्य, पार्षद, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य, पूर्व जनपद सदस्य, यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष, ब्लॉक प्रभारी सहित समाजसेवियों सहित 50 से अधिक कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। तब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने प्रतिक्रिया दी कि महाकौशल कांग्रेस मुक्त हो रहा है, ताकि महाकौशल का विकास तेज रफ्तार से हो सके।
09 फरवरी 2024 को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष राघौगढ़ के ग्राम आवन में पार्टी की रीति-नीति एवं भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर जनप्रतिनिधियों एवं किसान भाईयों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
12 फरवरी 2024 को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में विदिशा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश कटारे, टीकमगढ़ के पूर्व विधायक दिनेश अहिरवार, छतरपुर के पूर्व मंडी उपाध्यक्ष कैलाश द्विवेदी, गौरिहार जनपद अध्यक्ष तुलसी अनुरागी, आशीष द्विवेदी एवं अनिल दीक्षित सहित आधा दर्जन नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सदस्यता दिलाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, कांग्रेस में भगदड़ की स्थिति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस नेता भाजपा का दामन थाम रहे हैं।
वहीं 12 फरवरी 2024 को ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति से प्रभावित होकर उज्जैन के कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। अखिल भारतीय आंजना समाज मध्यप्रदेश के अध्यक्ष और उज्जैन जिला युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हटेसिंह पटेल, उमरिया पंचायत के सरपंच त्रिभुवन त्रिवेदी, हमीरखेड़ी उज्जैन के सरपंच सिंगाराम, उज्जैन शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मनीष अग्रवाल, डॉ अजयसिंह भदौरिया, अमित जैन, ब्लाक अध्यक्ष धर्मेन्द्र पाटीदार के साथ कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इन कार्यकर्ताओं ने भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा परिवार की सदस्यता ग्रहण की है।
13 फरवरी 2024 को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में छिंदवाड़ा जिले से युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव बंटी पटेल सहित 50 से अधिक सरपंच, ब्लॉक एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं जबलपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष चन्द्रकिरण गिरी, उनके पति सरपंच दयानंद गिरी, सरपंच दिनेश मस्कोले, अशोक पटले, जबलपुर जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोटिया के पति मुकेश गोटिया एवं सेवानिवृत्त शिक्षक दुर्गाप्रसाद दाहिया ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस नेताओं को भाजपा में शामिल करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर जिस प्रकार से आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार काम कर रही है, उससे प्रभावित होकर छिंदवाड़ा के लोगों ने भी संकल्प लिया है कि लोकसभा चुनाव में इस बार भाजपा की जीत का परचम फहराएंगे और भारतीय जनता पार्टी को 370 सीटों के पार पहुंचाएंगे।
13 फरवरी 2024 को ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष पांढुर्ना के कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष पांढुर्ना के पूर्व जनपंद अध्यक्ष व सांसद प्रतिनिधि गणेश पदमाकर, नगर कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष व एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष राहुल टोम्पे, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता दादु सांबारे, हर्षद पोपली, टीनु बालपाण्डे, रजत, गोपाल रोडे़, बालक गोंडे, योगेश सोनेकरे, रविन्द्र कामड़े, कुंवरलाल चौधरी एवं ओमप्रकाश वधवा सहित युवक कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
तो कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं की कतार लगी है, जैसा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कहते हैं कि भाजपा में शामिल होने वालों की वेटिंग चल रही है। और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा कहते हैं कि कांग्रेस में भगदड़ मची है। वास्तव में देखा जाए तो वेटिंग और भगदड़ वाली बात सच सी नजर आती है। कांग्रेस भले ही इसे दबाव का असर माने, पर देश और प्रदेश के बड़े बड़े नेता कमल खिलाने को कांग्रेस से भाजपा में आ रहे हैं। यह सिलसिला लगातार जारी है। वैसे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा हर मायने में शुभंकर साबित हो रहे हैं। उनके भाजपा अध्यक्ष बनते ही 2020 में भाजपा की सरकार बनी, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विष्णु को शुभंकर कहा था और अब वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को शुभंकर मानते हैं। तो 14 फरवरी 2020 को ही विष्णु दत्त शर्मा पहली बार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने थे। विष्णु दत्त शर्मा के अध्यक्षीय दायित्व के चार साल में प्रदेश भाजपा संगठन में कई कीर्तिमान रचे गए हैं। विधानसभा चुनाव में मत प्रतिशत 40.5 फीसदी से बढ़कर 48.5 फीसदी हो गया है तो अब लोकसभा चुनाव में भाजपा का लक्ष्य 51 फीसदी से ज्यादा मत हासिल करना है। वेटिंग और भगदड़ के दौर में यह लक्ष्य भी सच साबित होता दिख रहा है…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।