कोलार रोड के चर्चित हत्या के प्रयास मामले में 5 फरार आरोपी गिरफ्तार,10-10 हजार रुपए का इनाम था घोषित 

62

कोलार रोड के चर्चित हत्या के प्रयास मामले में 5 फरार आरोपी गिरफ्तार,10-10 हजार रुपए का इनाम था घोषित 

भोपाल।कोलार रोड थाना क्षेत्र में पांच महीने पहले जनवरी में हुए चर्चित हत्या के प्रयास मामले में पुलिस को सफलता मिली है। विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने मुख्य आरोपी समेत पांच फरार आरोपियों को प्रदेश के रीवा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथौड़ा, लोहे का सब्बल और बांस का डंडा भी बरामद किया है।

कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के अनुसार 25 जनवरी को नेताजी हिल्स निवासी कुलदीप सिंह कुशवाह अपने रिश्तेदार अशुमित सिंह के साथ स्कॉर्पियो वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की स्कॉर्पियो और बोलेरो में सवार आरोपियों ने उनकी गाड़ी को आगे-पीछे से घेर लिया। आरोपियों ने वाहन के कांच तोड़कर कुलदीप पर हथौड़े और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में कुलदीप और उनके साथी अशुमित सिंह घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच टीम ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इससे पहले पुलिस सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी।

दो सप्ताह से रीवा में सर्चिंग कर रही कोलार पुलिस ने पांच को रीवा में दबोचा

हाल ही में रीवा में दबिश देकर पुलिस ने सचिन कुशवाह, अतुल तिवारी, सीतलांजल उर्फ एसके द्विवेदी, राहुल कुशवाह और पवन कुशवाह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ रीवा जिले के विभिन्न थानों में मारपीट, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अब एक आरोपी की गिरफ्तारी शेष है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।