फिर इस बार, भाजपा सरकार के ध्येय वाक्य के साथ MP में 5 स्थानों से शुरू होंगी जन आशीर्वाद यात्राएं

भाजपा के विकास और काम का हिसाब जन-जन तक पहुंचाएंगी यात्राएं : नरेंद्रसिंह तोमर

578

फिर इस बार, भाजपा सरकार के ध्येय वाक्य के साथ MP में 5 स्थानों से शुरू होंगी जन आशीर्वाद यात्राएं

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर चुनाव लड़ने वाला दल है। चुनाव सामने है और ऐसे में भारतीय जनता पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने काम का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना चाहती है। इसी उद्देश्य से पार्टी पांच जन आशीर्वाद यात्राएं निकालने जा रही है, जो प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा से गुजरेंगी और भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में हुए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास को जनता तक पहुंचाएंगी। यह बात केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री नरेंद्रसिंह तोमर एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया को यात्राओं के संबंध में जानकारी देते हुए कही। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रदेश संयोजक श्री भूपेंद्र सिंह मंचासीन रहे।

पांच स्थानों से शुरू होंगी जन आशीर्वाद यात्राएं

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा के लिए प्रदेश स्तर पर 8 लोगों की टोली बनाई गई है, जिसमें यात्रा के प्रदेश संयोजक, प्रदेश शासन के मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह के साथ सभी सदस्यों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में पांच जन आशीर्वाद यात्राएं विंध्य, महाकौशल, मालवा, ग्वालियर चंबल एवं बुन्देलखण्ड से निकलेंगी। पहली यात्रा विंध्य क्षेत्र के चित्रकूट से 3 सितम्बर को कामतानाथ जी का आशीर्वाद लेकर शुरू होगी, जिसका शुभारंभ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी करेंगे। यह यात्रा निवाड़ी से होते हुए भोपाल पहुंचेगी। जिसके संयोजक सांसद श्री गणेश सिंह एवं सह संयोजक, प्रदेश शासन के मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह हैं। यह यात्रा 12 जिलों के 48 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 44, रथ सभाएं 100 और स्वागत स्थान 311 रहेगी। यह यात्रा 19 दिन में 2343 कि.मी. का सफर तय करेगी।

दूसरी यात्रा महाकौशल के मंडला से 5 सितम्बर को प्रारंभ होगी जिसका शुभारंभ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी करेंगे। यह यात्रा जबलपुर होते हुए भोपाल पहुंचेगी, जिसके संयोजक सांसद श्री उदयप्रताप सिंह एवं सह संयोजक श्री अभिलाष पाण्डे हैं। यह यात्रा 10 जिलों के 45 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 56, रथ सभाएं 335 और स्वागत स्थान 47 रहेगी। यह यात्रा 18 दिन में 2303 कि.मी. का सफर तय करेगी।

तीसरी यात्रा इंदौर संभाग के खंडवा से 4 सितंबर को धूनी वाले बाबा का आशीर्वाद लेकर प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी करेंगे और इसके संयोजक सांसद श्री शंकर लालवानी एवं सह संयोजक आईडीए के अध्यक्ष श्री जयपाल चावड़ा हैं। यह यात्रा 10 जिलों के 42 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 30 और रथ सभाएं 95 रहेगी। यह यात्रा 21 दिन में 2000 कि.मी. का सफर तय करेगी।

चौथी यात्रा मालवा के नीमच से 4 सितम्बर को प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी करेंगे। जिसके संयोजक किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर एवं सह संयोजक श्री तेज बहादुर हैं। यह यात्रा 12 जिलों के 44 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 65, रथ सभाएं 100 और स्वागत स्थान 375 रहेगी। यह यात्रा 17 दिन में 2000 कि.मी. का सफर तय करेगी।

पांचवी यात्रा ग्वालियर-चंबल संभाग के श्योपुर से 6 सितम्बर को प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी करेंगे। जिसके संयोजक प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत एवं सह संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष श्री चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी हैं। यह यात्रा 11 जिलों के 42 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 48, रथ सभाएं 65 और स्वागत स्थान 265 रहेगी। यह यात्रा 17 दिन में 1997 कि.मी. का सफर तय करेगी।

इस प्रकार पांचों यात्राओं के लिए जिला, विधानसभा और नीचे तक एक संरचना तैयार की गई है। यह पांचों यात्राओं का पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर 25 सिंतबर को भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ में समापन होगा। जिसमें 10 लाख कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे।

210 विधानसभाओं से गुजरेंगी 10643 कि.मी. लंबी यात्राएं

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि पांचों यात्राओं को मिलाकर सभी जन आशीर्वाद यात्राएं कुल 10643 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और प्रदेश की 210 विधानसभाओं से गुजरेंगी। इन यात्राओं का 998 स्थानों पर स्वागत होगा, 678 रथ सभाएं और 211 बडी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी शामिल होगा। यह यात्राएं 21 सितम्बर को विभिन्न स्थानों पर समाप्त होंगी, जिसके पश्चात् पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती 25 सितम्बर के अवसर पर इन यात्राओं का समागम भोपाल में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में होगा। कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रदेश भर के 6523 बूथों से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस कार्यकर्ता महाकुंभ को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी संबोधित करें, यह हमारा प्रयास है।