WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Airport Management : अतिथि को एयरपोर्ट से इंदौर की व्यवस्थाओं का भाव जागृत हो!

विमान क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण समिति की बैठक संपन्न

WhatsApp Image 2022 11 17 At 3.05.57 PM 696x483

Airport Management : अतिथि को एयरपोर्ट से इंदौर की व्यवस्थाओं का भाव जागृत हो!

Indore : प्रवासी भारतीय सम्मेलन और इन्वेस्टर्स समिट जैसे महत्वपूर्ण आयोजन इंदौर में होने जा रहे हैं। ऐसे में एयरपोर्ट वह स्थान होगा, जहां सबसे पहले अतिथि पहुँचेंगे। वे जब यहाँ पहुँचे तो, यह भाव जागृत होना चाहिए कि इंदौर के बारे में जैसा हमने सुना था उससे बेहतर दिख रहा है। उसी के अनुरूप एयरपोर्ट इंदौर में व्यवस्थाएं सुनिश्चित होनी चाहिए।
संभाग आयुक्त डॉ पवन कुमार शर्मा ने बुधवार को विमान क्षेत्र पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। उन्होंने यहाँ सुरक्षा और अतिथियों तथा यात्रियों के आवागमन की और बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर इलैया राजा टी, पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र, आयुक्त नगर निगम प्रतिभा पाल, एयरपोर्ट के डायरेक्टर सीवी रवींद्रन, स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह, प्रोटोकॉल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अजय देव शर्मा तथा एयरपोर्ट प्रबंधन के विनोद सोनी, प्रबोध शर्मा, मनिंदर सिंह भी बैठक में उपस्थित थे।
बैठक में प्रमुख रूप से सुरक्षा संबंधी वर्तमान व्यवस्थाओं और इसमें इज़ाफ़ा करने के संबंध में भी चर्चा की। बर्ड हिटिंग रोकने के लिए और बेहतर व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए। एयरपोर्ट परिसर में साज-सज्जा और साफ़-सफाई के संबंध में चर्चा की गई। बैठक के पश्चात संभाग आयुक्त ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट के भीतर और परिसर में घूम कर व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने जनवरी माह में वीआईपी आगमन के संदर्भ में निकासी का एक पृथक द्वार एवं मार्ग विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान यात्री भी सुगमतापूर्वक यहाँ आ सकें और निर्गम भी निर्बाध हो ऐसी व्यवस्था एयरपोर्ट सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री इलैया राजा टी ने बताया कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान लगभग 4 हज़ार अतिथियों के आगमन की संभावना है। परिसर में सुरक्षा के उच्चतम मापदंड अपनाये जाएंगे। टैक्सी पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। एयरपोर्ट के भीतरी हाल पर रिसेप्शन और सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए जाएंगे। संभाग आयुक्त ने एयरपोर्ट परिसर में भ्रमण के दौरान कुछ स्थानों पर साफ़-सफाई की बेहतर व्यवस्था नहीं पाए जाने पर हाउसकीपिंग एजेंसी को और सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। बैठक में एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से विमानतल पर जहाजों की सुरक्षा की दृष्टि से बर्ड हेजार्ड कंट्रोल मैनेजमेंट के लिए किए जा रहे विविध प्रयासों से अवगत कराया गया।
सलीम अली सेंटर फॉर आर्निथोलॉजी एंड नेचुरल कोयम्बटूर द्वारा दिये गए सुझाव के अनुसार सिरपुर लेक एवं जवाहर टेकरी पर कचरे के डंपिंग ग्राउंड को विमानतल से 10 किलोमीटर दूर प्रतिस्थापित करने के संबंध में संभाग आयुक्त ने कलेक्टोरेट, नगर निगम एवं जिला पंचायत की संयुक्त समिति बनाकर इस कार्य को पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।