WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Amrit Station Scheme : देवास रेलवे स्टेशन का स्वरूप ‘अमृत स्टेशन योजना’ में बदलने लगा! 

देवास रेलवे स्टेशन पर लगभग 29.67 करोड़ रुपए की लागत से कार्य किए जा रहे!

708

Amrit Station Scheme : देवास रेलवे स्टेशन का स्वरूप ‘अमृत स्टेशन योजना’ में बदलने लगा! 

 

Indore : भारतीय रेलवे के अंतर्गत अमृत स्टेशन योजना रेलवे स्‍टेशनों के कायाकल्प के लिए वरदान साबित हो रही है। रतलाम मंडल में वर्तमान में 19 रेलवे स्टेशनों पर अमृत स्टेशन योजना के तहत सुधार और जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा है। इन स्टेशनों में 2 गुजरात, 2 राजस्थान एवं 15 रेलवे स्टेशन मध्य प्रदेश में स्थित है। अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत जीर्णोद्धार के लिए देवास जंक्शन रेलवे स्टेशन भी शामिल है जहाँ कई महत्वपूर्ण कार्य को पूरे कर लिए गए हैं तथा कुछ प्रगति पर हैं।

देवास रेलवे स्टेशन पर लगभग 29.67 करोड़ रुपए की लागत से कार्य किए जा रहे हैं। यात्री सुविधा एवं स्टेशन भवन की सुंदरता के लिए किए कार्यों के तहत सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन का प्रवेश द्वार पर पोर्च का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रेलवे स्टेशन भवन के परिसर निर्माण आधुनिक स्टेशन को ध्‍यान में रखकर किया गया है, जिससे स्टेशन भवन की भव्यता को आकर्षक बनाया जा सके।

IMG 20241022 WA0020

इसके साथ ही स्टेशन पर प्रतीक्षालय के इंटीरियर में भी काफी बदलाव किया गया है जो आधुनिक स्टेशन के परिदृश्य को परिलक्षित करता है। धूप एवं वर्षा से बचाव के लिए प्लेटफार्म पर अतिरिक्त प्‍लेटफार्म कवर शेड का निर्माण, प्लेटफार्म क्रमांक 1 को चौड़ा कर उसके सतह में सुधार के साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए अतिरिक्त बेंचेज एवं वाटर फाउंटेन यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होंगे।

प्‍लेटफार्म पर नए टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण एवं पूर्व से उपलब्‍ध टॉयलेट ब्लॉक का सुधार कर उसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया है। स्टेशन परिसर में दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों एवं ऑटो के लिए अलग-अलग पार्किंग के साथ ही स्टेशन परिसर में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग का निर्माण किया गया है।

भारतीय रेलवे दिव्यांगजनों की सुविधाओं के लिए दृढसंकल्पित है इसके लिए देवास रेलवे स्टेशन प्‍लेटफॉर्म पर अलग से टायलेट, कम ऊँचाई के वाटर फाउंटेन, सर्कुलेटिंग एरिया में दिव्यांगजनों के लिए अलग से पार्किंग, गाइडिंग टाइल्स के साथ स्‍टैंडर्ड रैंप की सुविधा तथा बुकिंग विंडो, इन्‍क्‍वारी एवं प्लेटफार्म तक जाने के लिए गाइडिंग टाइल्स लगाए जा रहे हैं।

देवास जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध महत्वपूर्ण यात्री सुविधाओं में 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का कार्य भी काफी महत्‍वपूर्ण है जिसमें लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह कार्य भी प्रगति पर है। यह रेलवे स्टेशन रतलाम मंडल के इंदौर-उज्जैन दोहरीकृत रेल खंड पर स्थित एक महत्वपूर्ण स्‍टेशन है। यह बैंक नोट प्रेस के लिए पूरे भारत में प्रसिद्ध है। देवास स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित चामुंडा माता मंदिर देवास तथा आस-पास के लोगों के लिए आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। देवास रेलवे स्‍टेशन का उन्‍नयन कार्य पूर्ण होने के उपरांत आधुनिक, आकर्षक एवं अद्यतन यात्री सुविधाओं से युक्त नए भारत का नया स्टेशन के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।