Arvind Trivedi: उज्जैन में जन्में, साबरकांठा के सांसद भी रहे ‘रामायण’ के लंकेश!

722
Arvind Trivedi

Bhopal:  इस बार अफवाह नहीं है। ये खबर सच है कि टेलीविजन की दुनिया के सबसे ज्यादा लोकप्रिय सीरियल ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया। मंगलवार रात मुंबई में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 83 साल के थे और उन्हें कई बीमारियां थीं।

इसी साल उनके निधन की अफवाह उड़ी थी, जिसका उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने खंडन किया था। अब उसी भतीजे ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि मंगलवार रात 10 बजे उनका निधन हो गया। वे पिछले कुछ सालों से बीमार थे। तीन साल से उनकी तबीयत ज्यादा खराब रहने लगी थी। एक महीने पहले ही वे अस्पताल से घर लौटे थे। मंगलवार की रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने कांदिवली स्थित अपने घर में ही दम तोड़ दिया।

   अरविंद त्रिवेदी का जन्म 8 नवंबर 1938 को उज्जैन में हुआ था। उनका अभिनय करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ। उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी गुजराती सिनेमा के चर्चित नाम रहे हैं। ‘रामायण’ से घर-घर पहचान बनाने वाले लंकेश यानी अरविंद त्रिवेदी ने लगभग 300 हिंदी और गुजराती फिल्मों में अभिनय किया।

   अभिनय के अलावा अरविंद साल 1991 से लेकर 1996 तक सांसद रहे। 1991 में अरविंद त्रिवेदी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में साबरकाठा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुने गए और 1996 तक इस पद पर रहे।

*मई में उड़ी थी अफवाह*
मई में अरविंद त्रिवेदी के निधन की खबर सामने आई थीं! लेकिन, उनके भतीजे कौस्तुभ ने इसे अफवाह बताते हुए खंडन किया था। इसके अलावा रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने इन अफवाहों का खंडन करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। सुनील लहरी ने लोगों से कहा था कि वे इस तरह की गलत खबरें न फैलाएं।

   अरविंद त्रिवेदी ने रामानंद सागर के सीरियल ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाया था। उन्होंने इस तरह से रोल प्ले किया था कि आज तक लोगों की आंखों के सामने उनकी वही छवि बनी है।