
Barwani Road Accident: बारात से लौट रही कार को टैंकर ने मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत!
बड़वानी: बड़वानी में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां के जुलवानिया टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार टैंकर ने कार को सामने से टक्कर मार दी। जिससे 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं तीन घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो घायलों का इलाज चल रहा है। सभी बारात में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, जलगौन से एक बारात राजपुर आई थी। इसमें शामिल एक गाड़ी का डीजल खत्म हो गया था। कार में सवार युवक डीजल लेने जुलवानिया गए थे। लौटते समय टोल प्लाजा के पास खरगोन की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार में सामने से टक्कर मार दी।सूचना मिलते ही जुलवानिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया गया। घायलों को एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया में भर्ती कराया गया।हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद बड़वानी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ड्राइवर टैंकर छोड़कर फरार है। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश कर रही है।





