ग्वालियर के “शक्ति दीदी” नवाचार को मिला ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार’, कलेक्टर रुचिका चौहान भोपाल में हुई सम्मानित

154

ग्वालियर के “शक्ति दीदी” नवाचार को मिला ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार’, कलेक्टर रुचिका चौहान भोपाल में हुई सम्मानित

प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुआ ग्वालियर का सम्मान

ग्वालियर/ महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रहे ग्वालियर जिले के “शक्ति दीदी” नवाचार को प्रदेश स्तरीय सम्मान मिला है। मंगलवार को प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित हुए सिविल सेवा दिवस समारोह में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन की मौजूदगी में ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान को “मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार” से सम्मानित किया।

उन्होंने कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री सौरभ जैन व सहायक संचालक महिला बाल विकास श्री राहुल पाठक को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपए की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। मंत्री श्री काश्यप ने सिविल सेवा दिवस पर ग्वालियर के नवाचार सहित 9 प्रकार के सफल नवाचारों के लिये मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए।

WhatsApp Image 2026 04 21 at 19.08.31 1

ग्वालियर जिले को यह पुरस्कार “सामाजिक समावेश एवं सशक्तिकरण” कैटेगरी में दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार, समाज की अंतिम पंक्ति की महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने “शक्ति दीदी” नवाचार किया है। जिसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर “फ्यूल डिलेवरी वर्कर” के रूप में सम्मानजनक रोजगार दिलाया गया है।

मंत्री श्री काश्यप ने इस अवसर पर कहा कि लोक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नवाचार की आवश्यकता होती है। लोक महत्व की सेवाओं तक सभी हितग्राही लोगों की पहुंच आसान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश निरंतर अपना योगदान देने के लिए तैयार है। आज मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर आकर विकासशील प्रदेश बन चुका है और तेजी से विकास कर रहा है।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री संजय दुबे, प्रशासन अकादमी के महानिदेशक श्री सचिन सिन्हा और बड़ी संख्या में लोक सेवक उपस्थित थे। उप सचिव, मुख्यमंत्री श्री सुधीर कोचर ने कार्यक्रम का संचालन किया। संचालक प्रशासन अकादमी श्री मुजीबुर्रहमान खान ने आभार व्यक्त किया।

अब तक 112 महिलायें बन चुकी हैं ‘शक्ति दीदी’

पिछले साल 2 जनवरी 2025 को महज 5 महिलाओं से शुरू हुआ शक्ति दीदी का कारवां मौजूदा अप्रैल माह तक 112 “शक्ति दीदियों” तक पहुँच गया है। “शक्ति दीदी” नवाचार के तहत जिले की ऐसी महिलाओं को चुना गया जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर थीं, अपनों द्वारा उपेक्षित थीं या विधवा थीं। जिला प्रशासन ने इन महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर ‘फ्यूल डिलीवरी वर्कर’ के रूप में सम्मानजनक रोजगार दिलाया।

शक्ति दीदियों का कहना है कि हमें सम्मान के साथ मिला है रोजगार

“शक्ति दीदी” बनी महिलाओं का कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले को महिला कलेक्टर देकर उनके दु:ख-दर्द को समझने वाला सहारा प्रदान किया है। महिलायें कहती हैं कि इस नवाचार ने न केवल उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि समाज में हमारा मान-सम्मान भी बढ़ाया है।

WhatsApp Image 2026 04 21 at 19.09.30

बता दे कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार, समाज की अंतिम पंक्ति की महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने 2 जनवरी 2025 को इस नवाचार का आगाज़ किया था।

पेट्रोल पंपों पर कमान संभाल रहीं ‘शक्ति दीदियाँ’

“शक्ति दीदी” नवाचार के तहत जिले की ऐसी महिलाओं को चुना गया जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर थीं, अपनों द्वारा उपेक्षित थीं या विधवा थीं। जिला प्रशासन ने इन महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर ‘फ्यूल डिलीवरी वर्कर’ के रूप में सम्मानजनक रोजगार दिलाया। पिछले साल 2 जनवरी 2025 को महज 5 महिलाओं से शुरू हुआ यह कारवां मौजूदा अप्रैल माह तक 112 “शक्ति दीदियों” तक पहुँच गया है। शुरुआत में झिझक रहे पेट्रोल पंप संचालक अब इन महिलाओं की मेहनत और ईमानदारी देखकर स्वयं प्रशासन से “शक्ति दीदी” की मांग कर रहे हैं।

शक्ति दीदियों की सुरक्षा व सुविधा का पूरा ध्यान

“शक्ति दीदी” नवाचार के तहत जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर केवल सम्मानजनक रोजगार ही नहीं दिलाया गया है बल्कि उनकी सुरक्षा व सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शक्ति दीदी नवाचार के लिये एक वॉट्सएप ग्रुप तैयार कराया है, जिस पर जिला प्रशासन, पुलिस, पेट्रो पंप के संचालक एवं शक्ति दीदी जुड़ी हैं। जिस पर शक्ति दीदी अपनी समस्यायें बता सकती हैं। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी व संबंधित पुलिस थाने की पुलिस भी पेट्रोल पंपों पर लगातार गश्त कर शक्ति दीदियों को भरोसा दिलाती हैं कि आप सब बेखौफ होकर अपना काम करें। हम सब आपकी सुरक्षा के लिये 24 घंटे सजग हैं। पेट्रोल पंप पर महिला फ्यूल डिलेवरी वर्कर की ड्यूटी का समय प्रात: 9 बजे से सायंकाल 5 बजे तक रखा गया है।