BJP Executive’s Guideline Decided : भाजपा संगठन ने जिला और मंडल स्तर के लिए गाइड लाइन तय की, कार्यकारिणी में 40% नए सदस्य अनिवार्य!

471

BJP Executive’s Guideline Decided : भाजपा संगठन ने जिला और मंडल स्तर के लिए गाइड लाइन तय की, कार्यकारिणी में 40% नए सदस्य अनिवार्य!

महिलाओं और अजा-अजजा वर्ग को भी संविधान के अनुसार प्रतिनिधित्व देने के निर्देश!

Bhopal : भाजपा के सभी 62 जिलों के अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब प्रदेश संगठन ने कार्यकारिणी बनाने के लिए गाइड लाइन जारी की। नई गाइड लाइन में स्पष्ट लिखा है कि नए लोगों को मौका देना है। लेकिन, अगर पुराने लोगों का कामकाज सही है तो उन्हें फिर से मौका दिया जा सकता है। जिले की कार्यकारिणी में 4 पद ऐसे हैं, जहां अगर आवश्यक हो, तो बदलाव किया जाए। वहीं महिलाओं और अजा-अजजा वर्ग को भी संविधान के अनुसार प्रतिनिधित्व देने के निर्देश दिए गए हैं।

पूरे प्रदेश में भाजपा के 1 करोड़ 60 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य और 94 हजार 362 सक्रिय सदस्य हैं। सदस्यता का अभियान संगठन पर्व के पहले चरण में चलाया गया था। इसके बाद संगठन पर्व का दूसरा चरण शुरू हुआ और 64 हजार 569 बूथ अध्यक्षों सहित 7 लाख 23 हजार 27 सदस्यों की बूथ समितियां बनाई गई। इसके बाद 1313 मंडलों में से 1101 मंडल अध्यक्ष चुन लिए गए हैं और संगठन की दृष्टि से बनाए गए सभी 62 जिलों में नगर अध्यक्ष भी चुन लिए गए।

WhatsApp Image 2025 02 09 at 14.46.53

40% पदाधिकारी नए नियुक्त किए जाएं

इसके बाद अब प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है। इसके साथ-साथ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भगवानदास सबनानी ने मंडल, जिला और मोर्चा की कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी कवायद शुरू करने को कहा है, जिसकी गाइड लाइन जारी कर दी गई है। गाइड लाइन में कहा गया है कि सभी स्तरों पर अनिवार्य रूप से 40% पदाधिकारी नए नियुक्त करना हैं। यानी 60% पदाधिकारी पुराने पदाधिकारियों में से लिए जा सकते हैं। वहीं अजा, अजजा और महिलाओं को भी कार्यकारिणी में संविधान में दिए गए प्रतिशत के आधार पर प्रतिनिधित्व देना है। वहीं कार्यकारिणी सदस्य तथा विशेष आमंत्रित सदस्य और प्रवक्ताओं की नियुक्ति में ऐसे कार्यकर्ताओं को नहीं लेना है, जिनकी पार्टी में कोई भूमिका नहीं रही हो और न ही वे किसी गतिविधि में सक्रिय हों। इसके साथ ही मोर्चा की नियुक्ति के लिए भी कवायद की जाए।

पदों की संख्या निर्धारित की गई

मंडल समिति में अध्यक्ष के साथ-साथ 6 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 6 मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष रहेगा। वहीं कार्यकारिणी में 5 महिलाएं अनिवार्य रूप से रखना होंगी और 6 अजा तथा अजजा के सदस्य होंगे। जिला समिति में अध्यक्ष के साथ 8 उपाध्यक्ष होंगे तो हमेशा की तरह 3 महामंत्री होंगे। 8 मंत्रियों के साथ 1 कोषाध्यक्ष का पद भी रहेगा। वहीं 20 लोगों की कार्यकारिणी में 7 महिलाएं और 2 अजा तथा अजजा वर्ग के लोगों को शामिल करना अनिवार्य रहेगा।

मोर्चा में भी मंडल अध्यक्ष के साथ 3 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 3 मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष तो जिला स्तर पर 5 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 5 मंत्री और 1 कोषाध्यक्ष रहेगा। वहीं मंडल में 21 तो जिले में 30 कार्यसमिति सदस्य बनाए जा सकेंगे। संगठन ने इस बार नए दिशा-निर्देश में यह भी कहा है कि कार्यालय मंत्री, कोषाध्यक्ष, आईटी सेल और सोशल मीडिया तथा मीडिया संयोजक का पद निरंतर रखा जा सकता है, अगर वे सक्रिय हों।