

Kissa-A-IPS :IPS Pooja Yadav: छोड़ी विदेश की नौकरी, रिसेप्शनिस्ट से बनी IPS
देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक UPSC की सिविल सेवा परीक्षा के लिए सिर्फ पढ़ाई में होशियार होना काफी नहीं है। बल्कि लगन, संकल्प और दबाव झेलने की क्षमता भी बहुत जरूरी है। पूजा यादव की IPS अफसर बनने की कहानी इसका बेहतरीन प्रमाण है।
पूजा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। हरियाणा में बचपन जीने वाली पूजा यादव की गिनती देश की सबसे खूबसूरत प्रशासनिक ऑफिसर में की भी जाती है।
पूजा यादव का जन्म 20 सितंबर, 1988 को हरियाणा के सोनीपत में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ। पूजा का जीवन संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने आर्थिक तंगी का भी सामना किया। लेकिन, कभी हार नहीं मानी। उनका मानना था कि अगर मन में कुछ करने की ठान ली जाए, तो कोई भी मुश्किल हमारे रास्ते को रोक नहीं सकती। अपने शहर से ही स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने बायो टेक्नोलॉजी में बी-टेक और फिर फूड टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में एम-टेक किया।
पूजा अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए पढ़ाई पूरी करने के बाद विदेश चली गईं। कुछ समय जर्मनी और कनाडा में नौकरी की। कुछ समय बाद उन्हें महसूस हुआ कि दूसरे देश के लिए काम करने के बजाए अपने देश के लिए कुछ किया जाए। यह जज्बा जागृत होने के बाद वे वापस इंडिया लौट आई। हरियाणा की इस धाकड़ लड़की पूजा यादव ने विदेशों में बड़े पैकेज वाली नौकरी छोड़ने के बाद गुजारे के लिए शुरुआत में पार्ट-टाइम रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम किया। उनका लक्ष्य था UPSC में कुछ कमाल करना।
पूजा के लिए IPS ऑफिसर बनने का फैसला करना बेहद मुश्किल था। क्योंकि, वे अपना कामयाब करियर छोड़कर आ रही थी। पूजा के परिवार ने सपोर्ट किया, लेकिन वे आर्थिक सहयोग नहीं कर पाए। एमटेक की पढ़ाई और यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करने के दौरान खर्च निकालने के लिए पूजा ने बच्चों को ट्यूशन पढ़ाई और रिसेप्शनिस्ट के तौर पर भी काम किया।
यूपीएससी परीक्षा में पूजा का पहला प्रयास सफल नहीं रहा। लेकिन, उन्होंने हार नहीं मानी। अटूट लक्ष्य और कड़ी मेहनत से पूजा ने वर्ष 2018 में 174वीं अखिल भारतीय रैंक (AIR) के साथ UPSC परीक्षा पास की और IPS बनी। वे गुजरात के राजकोट शहर में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) यातायात के रूप में कार्यरत हैं। यातायात नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उनकी सख्त कार्रवाई ने उन्हें बहुत सम्मान भी दिलाया।
IPS पूजा यादव इंस्टाग्राम पर काफी लोकप्रिय हैं। इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्हें 3 लाख 23 हजार यूजर्स फॉलो करते हैं।
पूजा ने 2016 बैच के IAS ऑफिसर विकल्प भारद्वाज से 18 फरवरी, 2021 में शादी की। वे पहले केरल कैडर के अधिकारी हैं। पूजा से शादी के बाद उन्होंने गुजरात कैडर में ट्रांसफर का अनुरोध किया और उनकी गुजरात में पोस्टिंग हो गई। दोनों की मुलाकात मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में हुई थी। विकल्प भारद्वाज 2017 बैच के अफसर हैं और उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 87वीं रैंक हासिल की। इन जोड़े को गुजरात में परफेक्ट कपल माना जाता है।