WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Bomb Threat : होलकर स्टेडियम को ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस सतर्क!

पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वायड को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली!

Bomb Threat : होलकर स्टेडियम को ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस सतर्क!

 

Indore : होलकर क्रिकेट स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एमपीसीए सचिव को भेजे गए एक ईमेल में पाकिस्तान का हवाला देते हुए स्टेडियम और अस्पताल उड़ाने की बात कही गई। जैसे ही धमकी मिली, सचिव ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वायड की टीम ने स्टेडियम की गहन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
मामले में तुकोगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। क्राइम ब्रांच और साइबर टीम मिलकर तकनीकी जांच में जुट गई हैं। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि ईमेल की तकनीक पड़ताल की जा रही है ताकि भेजने वाले का सुराग लगाया जा सके। पुलिस फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।
ई-मेल अंग्रेजी में था, जिसमें लिखा था कि आपके स्टेडियम में विस्फोट होगा। पाकिस्तान से पंगा मत लो। अपनी सरकार को समझाओ। पाकिस्तान के विश्वसनीय स्लीपर सेल देशभर में हैं। ऑपरेशन सिंदूर के कारण आपके स्टेडियम और अस्पताल में ब्लास्ट हो सकता है। ई-मेल में किसी स्टेडियम या अस्पताल का नाम नहीं लिखा था। चूंकि एमपीसीए का मुख्यालय इंदौर में है, इसलिए होलकर स्टेडियम की जांच की गई।
एमपीसीए के प्रशासनिक अधिकारी रोहित पंडित ने बताया कि क्राइम ब्रांच और तुकोगंज थाने को शिकायत के बाद होलकर स्टेडियम की जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामले में पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से आया था। मामले में क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम भी जांच कर रही है।

पुलिस प्रशासन जांच में जुटा
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस तकनीकी तरीके से जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच भी मामले की जांच में जुट गई है। साइबर टीम ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है ताकि भेजने वाले का पता लगाया जा सके। स्टेडियम में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन पुलिस पूरी सावधानी बरत रही है।फिलहाल, स्टेडियम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन सतर्क है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया था।