भोपाल में इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी में चला बुलडोजर, 55 दुकानें और 45 मकान हटाए गए

125

भोपाल में इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी में चला बुलडोजर, 55 दुकानें और 45 मकान हटाए गए

भोपाल : राजधानी में लंबे समय से अधूरे पड़े फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई शुरू की। इंद्रपुरी से निजामुद्दीन कॉलोनी अयोध्या बायपास रोड स्थित लेबर कॉलोनी में ग्लोबल स्किल पार्क के सामने फोरलेन सड़क के दायरे में आने वाले अवैध निर्माणों को हटाने के लिए प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम सुबह 8 से मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई के लिए एक दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम को तैनात किया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार फोरलेन सड़क के करीब डेढ़ सौ मीटर हिस्से में अवैध रूप से दुकानें और मकान बना लिए गए थे, जिसके कारण फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य कई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ था। इस वजह से क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो रहा था और ग्लोबल स्किल पार्क सहित आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कार्रवाई के दौरान लगभग 55 दुकानों और 45 मकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

WhatsApp Image 2026 06 06 at 7.35.22 PM 1

किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।
अतिक्रमणकारियों को लगातार दिए जा रहे थे नोटिस, नहीं हटने पर लिया गया एक्शन

गोविंदपुरा एसडीएम भुवन गुप्ता ने बताया कि सभी अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें स्वयं निर्माण हटाने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया था, लेकिन बार-बार निर्देश और चेतावनी के बावजूद संबंधित लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद जिला प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा फोरलेन सड़क के शेष हिस्से का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा। सड़क निर्माण पूरा होने से पिपलानी, इंद्रपुरी, अयोध्या बायपास, निजामुद्दीन कॉलोनी, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
तीन लाख की आबादी को मिलेगी सुविधा

प्रशासन का दावा है कि इस परियोजना के पूर्ण होने से करीब तीन लाख से अधिक आबादी को सीधे लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और ग्लोबल स्किल पार्क सहित आसपास के संस्थानों तक पहुंचना अधिक सुगम हो जाएगा। कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शहर में सार्वजनिक परियोजनाओं में बाधा बनने वाले अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।