
इंदौर में तुलसी नगर से निपानिया तक 15.90 करोड़ की सड़क व सीवर परियोजना का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
वरिष्ठ पत्रकार के. के. झा की रिपोर्ट
इंदौर। शहर के तेज़ी से विकसित हो रहे पूर्वी क्षेत्र को बेहतर यातायात एवं अधोसंरचनात्मक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को रिमोट बटन दबाकर तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक प्रस्तावित सड़क विकास कार्य तथा प्राइमरी एवं आंतरिक सीवर लाइन निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शुभारंभ किया। लगभग 15.90 करोड़ रुपए की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और आवागमन अधिक सुगम एवं सुविधाजनक हो सकेगा।

परियोजना के अंतर्गत 13.26 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण तथा 2.64 करोड़ रुपए की लागत से प्राइमरी एवं आंतरिक सीवर लाइन का निर्माण किया जाएगा। लगभग 1.30 किलोमीटर लंबी यह सड़क इंदौर विकास योजना-2021 के अनुरूप 30 मीटर चौड़ाई में विकसित की जाएगी। परियोजना में सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण, सीवर चैंबरों का सुदृढ़ीकरण, फुटपाथ निर्माण, विद्युत लाइन शिफ्टिंग सहित विभिन्न अधोसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं।
सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद तुलसी नगर, निपानिया, अंकुर आंगन, राजाराम एवेन्यू, महालक्ष्मी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के रहवासियों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यातायात का दबाव कम होगा तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कनाड़िया रोड से खजराना रोड तक लगभग 1400 मीटर लंबे लिंक रोड के निर्माण की घोषणा भी की। इसके साथ ही पूर्वी रिंग रोड से रॉबट चौराहे तक लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से 6 लेन फ्लाईओवर बनाए जाने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अवैध कॉलोनियों को वैध करने की दिशा में भी ठोस और प्रभावी कदम उठाएगी।

सड़क निर्माण कार्य का दायित्व मेसर्स के.एन. नारंग्स, भोपाल को सौंपा गया है, जबकि कार्य के सुपरविजन एवं गुणवत्ता नियंत्रण की जिम्मेदारी मेसर्स एस.एन.एस. एसोसिएट्स, इंदौर द्वारा निभाई जाएगी।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री महेंद्र हार्डिया, श्री मधु वर्मा एवं श्री रमेश मेंदोला, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा, महापौर परिषद सदस्य श्री राजेंद्र राठौर, श्री राजेश उदावत, श्री नंदकिशोर पहाड़िया, श्री मनीष शर्मा ‘मामा’, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती संगीता महेश जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।





