CM Shivraj Bulldozer Mama : मुख्यमंत्री की ‘बुलडोजर मामा’ की नई छवि, होर्डिंग लगे

दुष्कर्म के आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर, दो दिन में दो बड़ी कार्रवाई

1769

CM Shivraj Bulldozer Mama : मुख्यमंत्री की ‘बुलडोजर मामा’ की नई छवि, होर्डिंग लगे

Bhopal : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब बुलडोजर मामा के नाम से प्रचारित किए जा रहे हैं। उनकी ये छवि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर बनाने की कोशिश हो रही है। भोपाल में बकायदा इसके होर्डिंग भी दिखाई दिए! ये छवि बच्चियों और महिलाओं के साथ होने वाली दुष्कर्म की घटनाओं पर आरोपियों के घरों पर बुलडोजर से कार्रवाई करने को लेकर बनाई गई है। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने इस पर विपरीत ट्वीट किया है। twitter पर भी #बुलडोजर_मामा हैशटैग जमकर चल रहा है।

भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित विधायक विश्राम गृह के तिराहे पर ‘बुलडोजर मामा’ के होर्डिंग लगाए गए। इसमें लिखा है ‘बहन-बेटियों की इज्जत से जिसने किया खिलवाड़ बुलडोजर पहुंचेगा उसके द्वार।’ इस होर्डिंग में बेटियों की सुरक्षा का संदेश है ‘बेटियों की सुरक्षा में जो बनेगा रोड़ा, मामा का बुलडोजर बनेगा हथौड़ा।’ बुलडोजर से एक मकान को गिराते हुए दिखाए जाने के साथ शिवराज सिंह चौहान के चेतावनी भरे अंदाज की बड़ी तस्वीर लगाई गई है। यह होर्डिंग भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने लगवाया है।

UP के मुख्यमंत्री की ‘बुलडोजर बाबा’ वाली छवि से विधानसभा चुनाव में मिली सफलता को MP में बह भुनाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ‘बुलडोजर मामा ‘ के होर्डिंग लगाए गए। युवतियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं के आरोपियों के ठिकानों पर चलाए जा रहे बुलडोजर के कारण अब शिवराज सिंह चौहान की छवि को बेटियों के मामा की तरह उनकी सुरक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

श्योपुर और सिवनी में बुलडोजर से कार्रवाई

सामूहिक बलात्कार और बलात्कार की श्योपुर और सिवनी में हुई दो घटनाओं में दो दिन में जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर आरोपियों के ठिकानों को तोड़ दिया है। श्योपुर में तो आरोपियों के सरकारी कब्जे कर बनाए गए मकान को गिराया गया। सरकारी जमीन पर लगाई गई फसल को बुलडोजर से नष्ट किया गया है तो सिवनी में भी कमोबेश ऐसी ही कार्रवाई की गई।