घायल महिला से मिले CM शिवराज, 1 लाख की दी आर्थिक मदद, आरोपी हुए अरेस्ट

बैठक में CM ने अधिकारियों को दिए निर्देश

1080

भोपाल। राजधानी भोपाल के टीटी नगर इलाके में हुई घटना के बाद सीएम शिवराज ने सख्ती दिखाते हुए पुलिस कमिश्नर को सीएम हाउस में जबाव तलब किया। महिला को ब्लेड मारकर घायल करने के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमिश्नर गुलशन बामरा और पुलिस कमिश्नर मकरंद देउसकर को मुख्यमंत्री निवास बुलाकर महिला अपराधों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

घायल महिला के घर पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवाजी नगर स्थित सीमा के घर जाकर भेंट की और स्वास्थ्य का हालचाल पूछा। और घायल महिला को 1 लाख रुपए की राशि प्रदान की है। सीएम ने कहा सीमा का साहस सराहनीय है। उसने बदमाशों की आपत्तिजनक हरकत पर हिम्मत से उनका मुकाबला किया। राज्य शासन द्वारा सीमा का उपचार करवाया जाएगा। अन्याय का प्रतिकार करना अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का काम है। इस नाते सीमा अन्य महिलाओं के लिए प्रेरक भी है। उसके बेटा और बेटी पढ़ते हैं और उनके सहयोग के लिए भी कलेक्टर भोपाल को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने शनिवार (11 जून) को देर रात इस मामले के मुख्य आरोपी बादशाह बेग (38) और उसके साथी अजय उर्फ बिट्‌टी सिबदे (18) को पकड़ लिया। दोनों रोशनपुरा झुग्गी के रहने वाले हैं। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तीसरे आरोपी निखिल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धरपकड़ के लिए 5 टीमें गठित की गई थीं। घटना 9 जून रात की है।

ऐसे मिले आरोपी

मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने महिला से आरोपियों का हुलिया तैयार किया और उसी के आधार पर जांच की। घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद और सीसीटीवी फुटेज की मदद से साइबर टीम ने आरोपियों की शिनाख्त की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीएम के निर्देश के बाद तीनों मनचलों पर सख्त कार्रवाई होगी।

क्या था मामला

भोपाल के टीटी नगर इलाके में तीन बदमाश एक महिला को छेड़ रहे थे, जिसका विरोध करने पर मनचलों ने महिला पर ब्लेड से हमला कर दिया जिससे महिला को 118 टांके आए। इतने गंभीर अपराध के बाद पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज किया था। लेकिन मामला प्रकाश में आने के बाद सीएम शिवराज ने खुद संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।