Cold Day in MP : कंपकंपाया मध्य प्रदेश, इंदौर के आसपास बारिश होने के आसार!

7 जनवरी के बाद सर्दी कम होने की संभावना जताई गई!

655

Cold Day in MP : कंपकंपाया मध्य प्रदेश, इंदौर के आसपास बारिश होने के आसार!

Bhopal : देश के उत्तरी इलाकों में हुई बर्फबारी से मध्य प्रदेश भी प्रभावित हुआ है। बीते तीन दिन से तापमान तेजी से गिरा और ठंड बढ़ गई। अछूता नहीं रहा। प्रदेश के सभी जिलों में बुधवार को कोहरा छाया रहा और सर्द हवाएं चली। लोग दिन में भी कांपते दिखाई दिए।

गुरुवार सुबह से सभी जगह घना कोहरा छाया है। अधिकांश जगह सूरज नहीं निकलने की जानकारी मिली। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात भी सर्द रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने एक-दो दिन में प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने की भी संभावना जताई।

बुधवार को प्रदेश के सभी इलाके शीत लहर की चपेट में रहे। दिन में धूप निकलने के बाद भी सिहरन बनी रही और शाम ढलने के बाद ठंड के तेवर और तीखे हो गए। ठंडी हवाओं के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान ग्वालियर में रिकार्ड किया गया। वहीं, जबलपुर, बैतूल, मंडला एवं धार में तीव्र शीतल दिन रहा। भोपाल, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम, शिवपुरी, उज्जैन, छतरपुर, नरसिंहपुर, रीवा, सागर, सिवनी एवं उमिरया में शीतल दिन रहा।

IMG 20230105 WA0032

महाराष्ट्र के सीमावर्ती इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को नर्मदापुरम, इंदौर एवं जबलपुर संभाग के महाराष्ट्र की सीमा से लगे जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश में कहीं-कहीं शीतलहर की स्थिति भी बन सकती है। भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान शहडोल एवं रीवा संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक, भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर संभागों के जिलों में सामान्य से कम एवं शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे।

दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर विदर्भ तक डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ट्रफ बना हुआ है। इसके असर से नर्मदापुरम, जबलपुर एवं इंदौर संभाग के महाराष्ट्र की सीमा से लगे सिवनी, बालाघाट, बैतूल, हरदा आदि में गुरुवार को कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर, भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, उज्जैन संभागों के जिलों में कोहरा छाने की संभावना है।

*7 जनवरी के बाद मौसम बदलेगा* 

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वहां से लगातार आ रही सर्द हवाओं ने मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं के कारण दिन-रात के तापमान में गिरावट हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज 7 जनवरी तक रहने के आसार हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने लगेगी।