Complaint to Election Commission : चुनाव में गड़बड़ी के आरोप में कई बड़े अफसर दोनों पार्टियों के निशाने पर!

इस बार के विधानसभा चुनाव में अफसरों के खिलाफ कई शिकायतें!

470

Complaint to Election Commission : चुनाव में गड़बड़ी के आरोप में कई बड़े अफसर दोनों पार्टियों के निशाने पर!

Bhopal : विधानसभा चुनाव के परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे। लेकिन, मतदान के बाद से ही दोनों पार्टियां ब्यूरोक्रेसी की शिकायतें कर रही है। अभी तक दर्जनभर से ज्यादा कलेक्टरों की शिकायत चुनाव आयोग को की गई। बालाघाट में डाक मतपत्र के बाद तो समझो बवाल हो गया। कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार सब निशाने पर आ गए। एसडीएम और तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई भी हो गई। इसके अलावा भी कई कलेक्टरों को कांग्रेस और भाजपा दोनों चुनाव आयोग को नियमों के उल्लंघन की शिकायत की।

कांग्रेस और भाजपा ने अलग-अलग अधिकारियों पर चुनाव में मनमानी और पक्षपात का आरोप लगाया। कई कलेक्टर तो ऐसे हैं, जिनकी पोस्टिंग शिवराज सरकार ने की। अब उनकी शिकायत भी भाजपा के लोग कर रहे हैं। मतदान और चुनाव संबंधी कुछ कार्रवाई से कांग्रेस को भी शिकायत हुई और उन्होंने आयोग के सामने अपना पक्ष रखा।नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने अपनी लहार सीट पर गड़बड़ी की अंदेशा को लेकर भिंड कलेक्टर की शिकायत चुनाव आयोग से की है। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने भी भिंड कलेक्टर के खिलाफ आयोग को चिट्ठी लिखी।

प्रदेश में ऐसे अफसरों की लिस्ट लंबी हो गई। भाजपा ने प्रदेश के चार कलेक्टरों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की। वहीं, कांग्रेस ने दस कलेक्टरों पर इस तरह के आरोप लगाया। भाजपा ने छतरपुर, नरसिंहपुर, रतलाम और भिंड कलेक्टर की शिकायत की है। नरसिंहपुर जिले के नरसिंहपुर सीट से केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल चुनाव लड़ रहे हैं। यहां की कलेक्टर रिजु बाफना हैं। इन पर कांग्रेस नेताओं से मिले होने के आरोप लगे। छतरपुर कलेक्टर पर भाजपा ने कांग्रेस समर्थक सलमान खान की हत्या मामले में पक्षपात कार्रवाई का आरोप लगाया।

WhatsApp Image 2023 11 30 at 12.29.20 PM

भिंड कलेक्टर ने वोटिंग से पहले वाहन लेकर चलने पर रोक लगा दी थी। इसे लेकर भाजपा ने कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को हटाने की मांग की। रतलाम कलेक्टर भास्कर लक्षकार पर भाजपा ने कम वोटिंग के आरोप लगाए। आरोप लगाया कि जानबूझकर वोटिंग की प्रक्रिया धीमी रखी गई। निवाड़ी एसपी अंकित जायसवाल की शिकायत भी भाजपा ने की। उनके खिलाफ आरोप लगाया गया कि ये सिर्फ भाजपा के लोगों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

कुछ अधिकारी ऐसे हैं, जिनकी शिकायत कांग्रेस और भाजपा दोनों ने की। उनमें भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव भी हैं। भाजपा के बाद लहार से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ गोविंद सिंह ने भी चुनाव आयोग से उनकी शिकायत की है। डॉ गोविंद सिंह ने उन्हें भाजपा का एजेंट बताया है। साथ ही काउंटिंग से पहले उन्हें हटाने की मांग की।

इन आईएएस अफसरों पर भी आरोप
कांग्रेस ने दतिया कलेक्टर संदीप माकिन पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की मदद का आरोप लगाया। नरसिंहपुर विधायक जालम सिंह पटेल ने कलेक्टर रिजु बाफना को हटाने के लिए पत्र लिखा। इसे लेकर कांग्रेस ने भी उनकी शिकायत की। कांग्रेस ने सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा पर संघ के कार्यक्रमों में शामिल होने का आरोप लगाया। सीधी कलेक्टर साकेत मालवीय को भी कांग्रेस ने हटाने की मांग की। सागर कलेक्टर दीपक आर्य पर कांग्रेस ने भाजपा के पक्ष में काम करने आरोप लगाया। अशोकनगर कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी की भी कांग्रेस ने शिकायत की। कांग्रेस ने कुछ आईपीएस अधिकारियों की शिकायत भी कांग्रेस ने की है। कमलनाथ ने वोटिंग के दिन मुरैना एसपी पर पक्षपात करने का आरोप लगाया था।

राज्य प्रशासनिक अफसरों की भी शिकायत
इनमे हरदा के जिला पंचायत सीईओ रोहित सिसोनिया, चांचौड़ा एसडीएम विकास कुमार आनंद, इंदौर के अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारी राजेश राठौर, सागर के जिला पंचायत सीईओ भव्या त्रिपाठी, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, ग्वालियर में पदस्थ रहे अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारी विनोद भार्गव और केके सिंह, छिंदवाड़ा के अपर कलेक्टर खेमचंद वोपचे, जॉइंट कलेक्टर हेमकरण धुर्वे, एएसपी अमित वर्मा, एएसपी अवधेश प्रताप सिंह, उप पुलिस अधीक्षक सौरभ आर तिवारी, उमरिया डीएसपी जितेंद्र सिंह जाट, छिंदवाड़ा सीएसपी प्रियंका पांडे, अजाक डीएसपी अमन मिश्रा और सीआईडी डीएसपी पीएचक्यू अजय राणा की भी कांग्रेस ने शिकायत की है।