Condoms & Birth Control Pills as Gifts at Govt Weddings : मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की शादी में दुल्हन को गिफ्ट में कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियां!

1265

Condoms & Birth Control Pills as Gifts at Govt Weddings : मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की शादी में दुल्हन को गिफ्ट में कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियां!

Jhabua : मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत जिले के थांदला में सरकार की तरफ से बांटे गए गिफ्ट के मेकअप बॉक्स में जो निकला वो प्रशासन की भूल है या कुछ सोचकर ऐसा किया गया यह स्पष्ट नहीं हुआ। मेकअप बॉक्स में कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियां निकली जिसे देखकर दूल्हा-दुल्हन दोनों चौंक गए। उस पर भी प्रशासन मामले की लीपापोती और भाजपा के नेता उनका बचाव करने में लग गए। जबकि, कांग्रेस ने इसे शर्मनाक कहा है।

मंगलवार को थांदला में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के तहत 296 जोड़ों की शादी कराई गई। इसमें प्रशासन ने दुल्हनों को गिफ्ट बांटे थे। कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियां सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे शर्मनाक बताया है। गंगा दशहरा के अवसर पर ये आयोजन हुआ। सब ठीक चल रहा था जैसा कि आम सरकारी आयोजनों में होता है। दूल्हा-दुल्हन के परिवार के लोग खुश थे। तभी दुल्हन के मेकअप बॉक्स में मेकअप के सामान के साथ कंडोम और गर्भ निरोधक टेबलेट मिलने से वर-वधू ही नहीं उनके परिजन भी असहज नजर आने लगे। उन्हें अफसरों का ये रवैया समझ नही आया।

पहले लगा कि शायद ये सरकार का कोई नवाचार है। झाबुआ से ये पायलट प्रोजेक्ट पूरे प्रदेशभर में लागू किया जाना है, लेकिन जब सवालों पर अफसर टालमटोल करने लगे तो ये साफ हो गया कि परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने के इस अटपटे तरीके से सरकार का कोई लेना देना नहीं, बल्कि ये अफसरों का ही प्लान था।

कलेक्टर ने सफाई दी
थांदला में दुल्हन के मेकअप बॉक्स में कंडोम के पैकेट और गर्भ निरोधक गोलियों के मुद्दे पर कलेक्टर तन्वी हुड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के प्रोग्राम के तहत ये सामग्री बांटी गई है। अगर कोई विवाद जैसी स्थिति सामने आती है तो हम देखेंगे।
जबकि, स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि नवदंपत्तियों को परिवार नियोजन का महत्व बताना हमारा मकसद है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के प्रभारी डॉ अशोक पटेल ने कहा कि नव दंपतियों को परिवार नियोजन का महत्व बताना है और उन्हें इसके साधन भी उपलब्ध कराए जाने हैं। ये पूरे प्रदेश में हो रहा है। झाबुआ जिले में भी परिवार नियोजन कार्यक्रम सफलता से संचालित हो रहा है। इसी के तहत नव दंपतियो को मेकअप बॉक्स में रखकर कंडोम और गर्भ निरोधक गोलियां दी गईं। लेकिन, उन्होंने इसे खोलकर सार्वजनिक कर दिया।

कांग्रेस ने सवाल पूछा
कांग्रेस की ओर से मीडिया का कामकाज देख रहीं संगीता शर्मा ने टि्वटर पर लिखा ‘माननीय शिवराज जी कितना अपमान करेंगे आप मध्यप्रदेश की बहन-बेटियों का। कन्या विवाह योजना में मेकअप बॉक्स में कंडोम और गर्भ निरोधक गोलियां बांट रही है सरकार। झाबुआ जिले के थांदला में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में देश में पहली बार ऐसा शर्मनाक कृत्य हुआ है।’

बीजेपी का बचाव
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा ने संगीता के ट्वीट पर जवाब दिया ‘संजय गांधी ने भारत में 60 लाख लोगों की नसबंदी उनकी मर्जी के बिना करवाई। आज के समय समाज के हर तबके में जागरूकता के लिए कार्य किए जा रहे हैं, जिससे परिवार नियोजन में किसी प्रकार की समस्या न हो।’