![IMG-20231119-WA0079](https://mediawala.in/wp-content/uploads/2023/11/IMG-20231119-WA0079.jpg)
Congress Removed District President : सेबोटेज मामले में कांग्रेस ने शाजापुर के जिला अध्यक्ष को हटाया!
Bhopal : विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों में बगावत की ख़बरें बाहर आई। अब ऐसे बागियों पर कार्रवाई शुरू हुई है। इसकी शुरूआत करते हुए कांग्रेस ने शाजापुर जिले के अध्यक्ष को हटाने का लेटर जारी कर दिया। कांग्रेस संगठन का कहना है कि शाजापुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ काम किया। उन्होंने अपने समर्थकों को भाजपा ज्वॉइन करवा के पार्टी के साथ बगावत की।
कांग्रेस के संगठन प्रभारी ने जिले के कांग्रेस अध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी बना को जिला अध्यक्ष पद से पद मुक्त कर दिया। इससे पहले उनसे 7 दिन में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न होने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में कांग्रेस के संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने एक पत्र भी जारी किया। .
कांग्रेस ने पत्र में उल्लेख किया कि योगेंद्रसिंह बंटी बना ने अधिकृत कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में कार्य न करते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलग्न रहे। यह आरोप लगाया कि उन्होंने अपने समर्थक कार्यकर्ताओं को भाजपा में प्रवेश कराकर पार्टी को नुकसान पहुंचाने का भी काम किया।
राजीव सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जिला अध्यक्ष को एक जिम्मेदार पदाधिकारी होने के नाते जिले में समन्वय करते हुए काम करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके चलते उन्हें पदमुक्त किया गया। साथ ही सात दिन में उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। समयावधि में जवाब न देने की स्थिति में उन्हें अनुशासनात्मक कार्यवाही की भी चेतावनी दी गई।