अमेरिका के डेविड जूलियस और एर्डम पेटापोशियन मेडिसिन नोबेल पुरस्‍कार के संयुक्त विजेता

533

Oslo: अमेरिका के डेविड जूलियस और एर्डम पेटापोशियन को वर्ष 2021 के मेडिसिन नोबेल पुरस्‍कार का साझा विजेता घोषित किया गया है। इन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार शरीर में तापमान व स्पर्श के लिए रिसेप्टर्स की खोज के लिए दिया गया है।

पुरस्कार की घोषणा सोमवार को नोबेल समिति के महासचिव थॉमस पर्लमन ने की।

नोबेल समिति ने कहा कि जूलियस ने नर्व सेंसर की पहचान के लिए मिर्च के सक्रिय घटक कैप्साइसिन की मदद ली। इस नर्व सेंसर से गर्मी पर त्वचा प्रतिक्रिया देती है।

उन्होंने कहा, ‘पेटापोशियन ने कोशिकाओं में दबाव और संवेदनशील सेंसर पाए जो मैकेनिकल स्टिमुलेशन पर प्रतिक्रिया देते हैं।’

पर्लमन ने कहा, ‘इन रिसर्च से वाकई प्रकृति के एक बड़ा रहस्य उजागर हुआ है। यह खोज हमारे अस्तित्व के लिए बेहद अहम है।’

पिछले वर्ष इन दोनों ने न्यूरोसाइंस के लिए संयुक्त रूप से कावली अवॉर्ड भी जीता था।

इस पुरस्कार में विजेता को गोल्ड मेडल व 10 मिलियन स्वीडिश क्रोनोर (1.14 मिलियन अमेरिकी डालर यानी करीब साढ़े 8 करोड़ रुपये) भेंट किए जाते हैं।

आने वाले दिनों में फिजिक्स, केमिस्ट्री, साहित्य, शांति व अर्थशास्त्र के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए भी नोबेल पुरस्कार घोषित किए जाएंगे।