
धार भीषण सड़क हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हुई, PM मोदी और CM डॉ यादव ने दुख जताया, पीड़ित परिवारों को राहत राशि की घोषणा
धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट
धार। धार जिला मुख्यालय पर कल देर रात चिकलिया फाटा में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर अब 15 हो गया है। इस दर्दनाक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘X’ के माध्यम से गहरा दुख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत राशि की घोषणा की है। प्रधानमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी, वहीं मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1 लाख और अन्य घायलों को 50 हजार रुपये देने के साथ ही सभी का निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर भी घायलों से मिलने पहुंची और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। संभागायुक्त डॉ सुदाम खांडे और आईजी अनुराग मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से घायलों की मदद में जुटा है।
इस सम्बन्ध मे कमिश्नर डॉ सुदाम खांडे ने पत्रकारों से चर्चा मे बताया की “बहुत दुखद घटना धार में हुई है। मुझे बताया गया की लगभग 46 लोग पिकअप से जा रहे थे, वो पलटी हो गई और एक्सीडेंट हो गया है और इसमें कुछ कैजुअल्टी भी हुई है और कुछ पेशेंट को भी देखा है। सीरियस पेशेंट को हमने रेफर किया है इंदौर। 15 लोगों का यहाँ इलाज चल रहा है।
कमिश्नर ने कहा कि मुझे बताया गया कि जो भी आर्थोपेडिक और फ्रैक्चर वो सब की सुविधा यहाँ पर है। जो भी आवश्यक उपचार वो सब किए जाएंगे। लगभग 15 लोगों की मृत्यु की सूचना हमारे पास आई है।





