Dhar Land Scam : मुख्य आरोपी सुधीर दास और अधिवक्ता विवेक तिवारी पुलिस रिमांड पर

सुधीर दास ने कहा, जो किया विवेक तिवारी के कहने से किया

962

Dhar : मध्य प्रदेश में चल रही भूमाफिया के खिलाफ कार्यवाही में धार पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए धार की विवादित सैंट टैरेसा की जमीन के मामले में 26 लोगों और एक संस्था के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की थी।

पुलिस ने अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। जिसमें मुख्य आरोपी सुधीर दास 5 दिन की पुलिस रिमांड पर था। आज पुलिस को धार के अधिवक्ता विवेक तिवारी का भी 5 दिन का पुलिस रिमांड मिला।

सवा 200 करोड़ की जमीन के मामले में पुलिस ने कार्यवाही की इसके बाद आज धार न्यायालय में पुलिस के द्वारा दो मुख्य आरोपियों का PR मांगा गया जिसमें सुधीर दास का कोर्ट पहले ही 5 दिन का पुलिस रिमांड दे चुकी थी।

फिर से पुलिस को आज सुधीर दास का 5 दिन का रिमांड और मिला। शहर के जाने-माने वकील और मामले में मुख्य आरोपी विवेक तिवारी का भी 5 दिन का पुलिस को रिमांड मिला है।

अब पुलिस दोनों से पूछताछ करेगी। सुधीर दास ने पुलिस रिमांड में बताया कि उन्होंने जो कुछ भी किया है वह एडवोकेट विवेक तिवारी के कहने पर किया, लिहाजा पुलिस ने अधिवक्ता विवेक तिवारी का पुलिस रिमांड (PR) मांगा जो पुलिस को मिल गया। अब पुलिस इस मामले में और भी तह तक पहुंचेगी।

इस मामले में भूमाफिया सुधीर जैन अभी भी फरार है। साथ ही 12 अन्य आरोपी भी फरार हैं। पुलिस ने भगोड़े मुख्य आरोपी सुधीर जैन पर 10 हजार और अन्य 12 फरार आरोपियों पर 5-5 हजार का ईनाम घोषित कर चुकी है।

धार के एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने आज दो लोगों का पुलिस रिमांड मांगा था। पुलिस की पूछताछ में मामले में और भी कई तथ्य सामने आएंगे।

Also Read: MP News: Additional SP Suspend 

उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। SP आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि अगर जल्द ही फरार आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो पुलिस फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्की की कार्यवाही करेगी।