खाना बनाने के बाद सफाई को लेकर विवाद, तीर्थ यात्रियों और फैक्ट्री कर्मचारियों में मारपीट; 12 घायल, 28 के खिलाफ प्रकरण दर्ज

101

खाना बनाने के बाद सफाई को लेकर विवाद, तीर्थ यात्रियों और फैक्ट्री कर्मचारियों में मारपीट; 12 घायल, 28 के खिलाफ प्रकरण दर्ज

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र स्थित खलटाका पुलिस चौकी अंतर्गत मुकुंदपुर गांव में एक फैक्ट्री परिसर में खाना बनाने के बाद सफाई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महाराष्ट्र से चारधाम यात्रा कर लौट रहे तीर्थ यात्रियों और फैक्ट्री कर्मचारियों के बीच हुई मारपीट में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 28 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

खलटाका पुलिस चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि शनिवार को चारधाम यात्रा से महाराष्ट्र के पुणे लौट रहे यात्रियों की एक मिनी बस मुकुंदपुर स्थित कपड़ा निर्माण फैक्ट्री परिसर में पहुंची थी। बस में सवार 16 यात्रियों ने फैक्ट्री कर्मचारियों से भोजन बनाने और खाने की अनुमति मांगी। कर्मचारियों ने उन्हें अनुमति देने के साथ पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं।

भोजन के बाद जब यात्री वहां से रवाना होने लगे तो फैक्ट्री मालिक दिनेश पटेल ने कर्मचारियों के माध्यम से उनसे परिसर की सफाई करने और कचरे को प्लास्टिक की थैली में भरकर निर्धारित स्थान पर फेंकने का आग्रह किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

पुलिस के अनुसार, तीर्थ यात्रियों में से कुछ लोग कहने के ढंग को लेकर नाराज हो गए और उन्होंने कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मौके पर पहुंचे फैक्ट्री मालिक दिनेश पटेल के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। इसके बाद फैक्ट्री कर्मचारियों और तीर्थ यात्रियों के बीच दोनों ओर से जमकर हाथापाई हुई।

WhatsApp Image 2026 06 15 at 2.42.03 PM 5

घटना के बाद महाराष्ट्र के यात्रियों ने आरोप लगाया कि उनके तीन आईफोन और करीब सात तोला सोने के आभूषण गायब हो गए हैं। वहीं फैक्ट्री कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कुछ यात्रियों ने परिसर में शराब का सेवन किया और गंदगी फैलाई।

हालांकि चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि यात्रियों द्वारा गायब बताए गए तीनों आईफोन बाद में उनकी ही गाड़ियों में मिल गए।

पुलिस ने फैक्ट्री मालिक दिनेश पटेल की शिकायत पर पुणे निवासी धनंजय शिंदे सहित 14 लोगों के खिलाफ तथा धनंजय शिंदे की शिकायत पर दिनेश पटेल और 13 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मारपीट में एक पक्ष के सात और दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से कुछ घायलों को बड़वानी जिले के ठीकरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चार लोगों को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया।

पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।