
संभागायुक्त आशीष सिंह ने रतलाम और बड़नगर में किसानों से चर्चा की,गेहूं उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया
उज्जैन: उज्जैन संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने बुधवार को गेहूं खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने खरीदी केंद्रों पर उपस्थित किसानों से गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही किसानों से केंद्रों पर उपलब्ध सुविधा को लेकर भी चर्चा की।
मौके पर निरीक्षण के बाद संभागायुक्त श्री सिंह ने गेहूं उपार्जन केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीदी के संबंध में समस्त जानकारी संधारित की जाए। यह भी ध्यान रखा जाए कि किसान किसी तरह परेशान नहीं हो।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेश में गेहूं उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से गेहूं की खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार खरीदी केंद्रों पर सभी तरह की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने रतलाम जिले के दौरे के पहले उज्जैन जिले की बडनगर तहसील के ग्राम भेरू पचलाना में गेहूं खरीदी केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
संभागायुक्त श्री सिंह ने उपार्जन केंद्र पर गेहूं खरीदी, बारदाना की उपलब्धता और किसानों को दिए जाने वाले टोकन सिस्टम का निरीक्षण कर संबंधित केंद्र प्रभारी से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने केंद्र पर उपस्थित किसानों से भी चर्चा कर गेहूं खरीदी, किसानों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, खरीदी केंद्रों पर किसानों को दी जा रही सुविधा के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद संभागायुक्त श्री सिंह ने रतलाम जिले के गेहूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर यहां उपस्थित किसानों से सुविधाओं की जानकारी ली। संभागायुक्त श्री सिंह ने बडऩगर और रतलाम के गेहूं उपार्जन केंद्र पर संबंधित एसडीएम और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में किसानों से की जाने वाली गेहूं खरीदी की समस्त जानकारी संधारित करें। इसके साथ ही सेटेलाइट सर्वे और अन्य सर्वे रिर्पोट के साथ पंजीकृत किसानों की सत्यापन की जानकारी भी ली जाए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन केंद्रों में आने वाले किसानों को सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाएं जैसे बिजली, पीने का पानी, बैठक, छाया, प्रसाधन एवं पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई जाए। किसी को भी किसी भी प्रकार की प्रक्रियागत या व्यवस्थागत असुविधा का सामना न करना पड़े। किसी भी केन्द्र में किसानों के ट्रैक्टर-ट्राली की लंबी-लंबी कतारें न लगें, सभी किसानों का सहजता से गेहूं तुल जाए, ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं। जिन किसानों से गेहूं खरीदा जाए, कम से कम समय में उनके खातों में भुगतान कर देने की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
भ्रमण के दौरान बड़नगर में एस.डी.एम और अन्य अधिकारी, रतलाम में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, एडीएम श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव भी साथ रहें।





