संभागायुक्त डॉ खाड़े की जनजातीय जिलों में शिक्षा के स्तर में वृद्धि की पहल रंग लायी- हाईस्कूल परीक्षा परिणामों में आलीराजपुर जिला प्रदेश में 2nd और हायर सेकेंडरी में झाबुआ 1st 

आलीराजपुर में हाईस्कूल परीक्षा परिणामों में गत वर्ष की तुलना में 14 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी में 30 प्रतिशत की हुई उल्लेखनीय वृद्धि

206

संभागायुक्त डॉ खाड़े की जनजातीय जिलों में शिक्षा के स्तर में वृद्धि की पहल रंग लायी- हाईस्कूल परीक्षा परिणामों में आलीराजपुर जिला प्रदेश में 2nd और हायर सेकेंडरी में झाबुआ 1st

इंदौर: माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा बुधवार को प्रदेश में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा-2026 के परिणाम घोषित किए गए। इस वर्ष इंदौर संभाग के जिलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। हाईस्कूल परीक्षा में इंदौर संभाग का आलीराजपुर जिला 92.14 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा है। वहीं हायर सेकेंडरी परीक्षा में झाबुआ जिला 93.23 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। ज्ञात हो कि गत वर्षों में इन दो जिलो में बोर्ड की परीक्षाओं में साधारण परिणाम प्राप्त हुए थे। जबकि वर्ष 2026 की परीक्षा परिणामों ने संभाग के जनजातीय जिलों की शिक्षा में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी की है।

संभागीय संयुक्त संचालक श्रीमती अनीता चौहान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार संभाग के झाबुआ जिले में हाईस्कूल के परिणामों में गत वर्ष का परिणाम 83.88 था वहीं इस वर्ष 87.83 प्रतिशत के साथ 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई हैं वहीं हायर सेकेंडरी में गत वर्ष का प्रतिशत 82.12 था, वहीं इस वर्ष 93.23 प्रतिशत के साथ 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी तरह आलीराजपुर जिले में हाईस्कूल में गत वर्ष का प्रतिशत 78.70 था वहीं इस वर्ष 92.14 प्रतिशत के साथ 14 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। हायर सेकेंडरी में गत वर्ष का प्रतिशत 61.28 था जिस पर 30 प्रतिशत वृद्धि के साथ 91.59 प्रतिशत हुआ है। धार जिले में हाईस्कूल का गत वर्ष 75.33 प्रतिशत था, वहीं इस वर्ष 79.20 प्रतिशत के साथ 4 प्रतिशत में वृद्धि हुई है। हायर सेकेंडरी में गत वर्ष 74.45 प्रतिशत से बढ़कर इस वर्ष 80.61 के साथ 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी प्रकार बड़वानी जिले में हायर सेकेंडरी में 79.34 से बढ़कर 85.27 प्रतिशत के साथ 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई हैं, वहीं हाईस्कूल में 67.54 प्रतिशत से 78.36 प्रतिशत होकर 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हायर सेकेंडरी में खण्डवा जिले में 3 प्रतिशत और खरगोन जिले में 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह परिणाम रेगुलर स्टुडेंट प्रतिशत के परिणामों के आधार पर है।

संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने संभाग के उत्कृष्ट परिणामों पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं प्रशासन के सतत प्रयासों का परिणाम है। यह इंदौर संभाग के लिए गर्व का विषय है और यह सिद्ध करता है कि बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं प्रभावी मार्गदर्शन से जनजातीय अंचलों में भी उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं।

बता दे कि संभागायुक्त डॉ. खाड़े द्वारा जनजातीय जिलों में शिक्षा स्तर सुधारने के लिए विशेष पहल की गई थी। इसके अंतर्गत सभी शासकीय स्कूलों में 4 घंटे अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने तथा उनकी सतत मॉनीटरिंग के निर्देश दिए गए थे। इस पहल का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला और संभाग के जनजातीय जिलों—आलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, धार, खण्डवा, खरगोन एवं बुरहानपुर में उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त हुए।

इंदौर संभाग में हाई स्कूल परीक्षा के परिणामों में आलीराजपुर जिले का प्रतिशत 92.14 के साथ प्रदेश में दूसरे स्थान पर हैं। वहीं झाबुआ जिले ने 87.83 प्रतिशत, बड़वानी जिले ने 85.27 प्रतिशत, खण्डवा जिले ने 82.99 प्रतिशत, धार जिले ने 79.20 प्रतिशत, खरगोन जिले ने 74.85 प्रतिशत, बुरहानपुर जिले ने 67.89 प्रतिशत और इंदौर जिले ने 67.56 प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया है।

इसी प्रकार हायर सेकेंडरी परीक्षा के परिणामों में झाबुआ जिला 93.23 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। वहीं आलीराजपुर जिले ने 91.59 प्रतिशत, खण्डवा जिले ने 86.57 प्रतिशत, धार जिले ने 80.61 प्रतिशत, खरगोन जिले ने 79.83 प्रतिशत, बड़वानी जिले ने 78.36 प्रतिशत, बुरहानपुर जिले ने 73.54 प्रतिशत और इंदौर जिले ने 69.94 प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया है।

*संभाग के इन विद्यार्थियों ने प्रवीण्य सूची में पाया स्थान*

हायर सेकेंडरी के परीक्षा परिणामों में जीव विज्ञान समूह में इंदौर की कु. तन्वी कुमावत ने 492 अंकों के साथ प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं जीव विज्ञान समूह में ही बड़वानी जिले की उमामा मंसूरी ने 485 अकों के साथ सातवां स्थान और खण्डवा जिले की कामिनी कुशवाह ने 482 अंकों के साथ दसवां स्थान किया है। इसी प्रकार वाणिज्य समूह की प्रावीण्य सूची में झाबुआ की हर्षि लुणावत, इंदौर की याशी धनरिया और खण्डवा की आनंदी गंगराड़े ने 485-485 अंकों के साथ छटवां स्थान पाया है। खण्डवा की जिया परिहार और आलीराजपुर के दिव्य मंत्री ने 484 अंकों के साथ सातवां स्थान, धार जिले की अंशिका मजुरिया ने 483 अंकों के साथ आठवां स्थान, इंदौर की पलक चौरसिया और जाहन्वी कुशवाह ने 482-482 अंकों साथ नौंवा स्थान और खरगोन की जैनी जैन और खण्डवा की कु. नेहा गोस्वामी ने 481-481 अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया है। गणित समूह की प्रावीण्य सूची में इंदौर के अथर्व देशमुख ने 486 अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है।

इसी तरह हाईस्कूल की प्रावीण्य सूची में भी संभाग के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सूची में स्थान हासिल किया है। इंदौर की सीमा भयदिया ने 495 अंकों के साथ प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं बड़वानी की महक गोले ने 494 अंकों के साथ छटवां स्थान, इंदौर की कृष्णा खाजेकर और खरगोन के अरशद अंसारी ने 491-491 अंकों के साथ नौंवा स्थान और इंदौर की प्रेरणा सिंह बैस ने 490 अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया है।