Election Preparations Completed : ज्यादा शिकायतें इंदौर-1, इंदौर-3 और राऊ से मिली, 583 मतदान केंद्र क्रिटिकल!

कलेक्टर ने मीडिया को मतदान व्यवस्थाओं संबंधी जानकारी दी।

735

Election Preparations Completed : ज्यादा शिकायतें इंदौर-1, इंदौर-3 और राऊ से मिली, 583 मतदान केंद्र क्रिटिकल!

Indore : शुक्रवार 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने आज शाम मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार स्टेडियम में मतदान सामग्री देने और लेने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई है। मतदाता 13 दस्तावेजों के आधार पर मतदान कर सकते है। 583 मतदान केन्द्रों को क्रिटिकल मतदान केन्द्र के रूप में चिन्हित किया गया है।

कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी ने बताया कि सबसे ज्यादा शिकायतें विधानसभा-1, विधानसभा-3 नंबर और राऊ विधानसभा से मिली है। उन्होंने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन करने के 29 मुकदमे दर्ज किए गए। मतदान संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि सभी 9 विधानसभाओं के 2561 मतदान केन्द्रों के लिए 11264 मतदान कार्मिकों को नियुक्त किया गया है। गुरुवार 4 से 5 बजे तक सभी मतदानकर्मी मतदान स्थल पर पहुंच जाएगें। जिले में कुल 27,55,433 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 13,92,509 पुरुष तथा 13,62,818 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। मतदाताओं की संख्या के अनुसार विधानसभा क्षेत्र क्र. 208 इंदौर-5 में सर्वाधिक मतदाता 4,12,048 तथा विधानसभा क्षेत्र क्र. 206 इंदौर-3 में सबसे कम मतदाता 1,87,161 हैं।

कलेक्टर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र इंदौर-4 में महिला मतदाताओं की संख्या (1,19,875) पुरुष मतदाताओं की संख्या (1,19,702) से अधिक है। जिले में 26 ओवरसीज 11,815 दिव्यांग, तथा 1,894/- सर्विस वोटर्स पंजीकृत हैं। 27,55,433 मतदाताओं में से 26,14,056 मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से मतदान पर्ची वितरित की जा चुकी है। संख्या के अनुसार विधानसभा क्षेत्र क्र. 208 इंदौर-5 में सर्वाधिक मतदान केन्द्र 364 तथा विधानसभा क्षेत्र क्र. 206 इंदौर-3 में सबसे कम मतदान केन्द्र 193 स्थित हैं। 709 सखी मतदान केन्द्र, 8 दिव्यांग मतदान केन्द्र, 104 आदर्श मतदान केन्द्र तथा 2 युवा मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।

मतदान दलों को मेडिकल किट

सभी विधानसभाओं को सामग्री वितरण तथा संग्रहण के लिए नेहरू स्टेडियम को चिन्हित किया गया है। इसके लिए नेहरू स्टेडियम में सभी तरह की व्यवस्थाएं कर ली गई है। चिकित्सीय सुविधा के लिए सभी मतदान दलों को सामग्री के साथ मेडीकल किट उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक सेक्टर के साथ मेडीकल टीम भी गठित की गई है। मतदान दलों के समयावधि में मतदान केन्द्रों पर पहुंचने के लिए 587 रूट तैयार किए गए। मतदान दलों की रवागनी के लिए रिजर्व सहित कुल 710 बसें अधिगृहित की गई है। प्रशासन ने 583 क्रिटिकल मतदान केन्द्रों के लिए रिजर्व सहित 616 माइक्रो ऑब्जर्बर नियुक्त किए हैं।

निर्वाचन के सुलभ संचालन के लिए 238 सेक्टर ऑफिसर्स तथा 238 पुलिस सेक्टर ऑफिसर्स की नियुक्ति की गई है। मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था हेतु जिले में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है।

व्यय निगरानी दल की कार्यवाही

आचार संहिता के दौरान कुल 354.32 लाख की मदिरा, 397.86 लाख की प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गई। 1233.50 की मूल्यवान धातु और 964.06 लाख के फ्रीबीज तथा 1111.84 लाख नकेद जब्त किए गए। अभी तक कुल 4061.58 लाख (40.62 करोड़) की जब्ती की गई है।