WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

सोशल मीडिया बना संकल्प का साथी: 500 दानदाताओं के सहयोग से युवाओं ने बदल दी 300 साल पुराने झिरिया हनुमान मंदिर की तस्वीर

32

सोशल मीडिया बना संकल्प का साथी: 500 दानदाताओं के सहयोग से युवाओं ने बदल दी 300 साल पुराने झिरिया हनुमान मंदिर की तस्वीर

अमझेरा से गोपाल खंडेलवाल की विशेष रिपोर्ट 

सोशल मीडिया को अक्सर समय बर्बाद करने और कभी – कभी विवादों का कारण माना जाता है लेकिन अमझेरा के युवाओं ने इसे जनसेवा और धार्मिक विरासत के संरक्षण का सशक्त माध्यम बनाकर मिसाल पेश की है।

नगर के युवाओं की पहल पर सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुए जनसहयोग अभियान ने करीब 300 वर्ष पुराने प्राचीन झिरिया हनुमान मंदिर की तस्वीर ही बदल दी। जो मंदिर कभी जर्जर होकर गिरने की कगार पर पहुंच चुका था, वह आज भव्य, आकर्षक और विशाल स्वरूप में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनकर खड़ा है।

मंदिर में विराजित बाल हनुमानजी की प्रतिमा वर्षों से क्षेत्रवासियों की श्रद्धा का केंद्र रही है। हालांकि समय के साथ मंदिर की स्थिति खराब होती चली गई। मंदिर की जर्जर हालत देखकर नगर के कुछ युवाओं ने इसके जीर्णोद्धार का संकल्प लिया और सोशल मीडिया पर जनसहयोग की अपील शुरू की। देखते ही देखते यह मुहिम लोगों का अभियान बन गई।

500 से अधिक दानदाता जुड़े, किसी ने राशि तो किसी ने सामग्री दी।

डेढ़ वर्ष पहले शुरू हुई इस पहल में अब तक 500 से अधिक दानदाता जुड़ चुके हैं। किसी ने आर्थिक सहयोग दिया तो किसी ने निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई। युवाओं के निरंतर प्रयास और समाज के सहयोग से मंदिर का पुनर्निर्माण संभव हो सका।

युवाओं का कहना है कि जब भी वे मंदिर आते थे, इसकी जर्जर स्थिति देखकर मन में पीड़ा होती थी। तभी से इसे नए स्वरूप में देखने का सपना था। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक बात पहुंचाई गई और समाज ने उम्मीद से कहीं अधिक सहयोग दिया।

*20×15 से बढ़कर 45×50 फीट का हुआ मंदिर*

पहले लगभग 20 बाय 15 फीट क्षेत्र में बना मंदिर अब 45 बाय 50 फीट के विशाल एवं व्यवस्थित स्वरूप में विकसित किया गया है। मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण, नवीन निर्माण कार्य और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई व्यवस्थाएं की गई हैं। नए स्वरूप में मंदिर दूर से ही आकर्षण का केंद्र बन गया है।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह केवल मंदिर का जीर्णोद्धार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, जनभागीदारी और युवाशक्ति का जीवंत उदाहरण है।

*22 से 24 जून तक होगा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव*

प्राचीन झिरिया हनुमान मंदिर के पुनर्जीवन के उपलक्ष्य में 22 जून से 24 जून तक तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान वैदिक अनुष्ठान, पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश स्तर पर प्रसिद्ध पवन पुत्र सुंदरकांड मंडल के ललित शर्मा एवं अजय शर्मा द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। वहीं प्रकाश राठौर भजन संध्या की प्रस्तुति देंगे। आयोजन के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया है। 24 जून को पूर्णाहुति एवं महाआरती के साथ महोत्सव का समापन होगा।