EOW Raid: T&CP के कई अफसर संदेह के घेरे में!

दरियानी के घर इंदौर की प्लानिंग के दस्तावेज मिले

636

इंदौर। उज्जैन की EOW (आर्थिक अनुसंधान ब्यूरो) टीम द्वारा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के मानचित्रकार विजय दरियानी (Vijay Dariyani) के यहां की गई EOW की छापामार कार्रवाई में जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच जारी है। वहीं विजय दरियानी के कुछ अन्य साथी भी संदेह भी संदेह के घेरे में हैं। बताया जाता है कि कई बिल्डर्स से दोस्ती और इंदौर की प्लानिंग की फाइलें दरियानी के घर से मिलने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।

   देवास में पदस्थ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (T&CP) के मानचित्रकार विजय दरियानी के देवास-इंदौर निवास पर उज्जैन EOW ने गुरुवार को छापे मारे थे। करीब 14 घंटे चली सर्चिंग की कार्रवाई में अहम दस्तावेज के साथ ही करोड़ों की अघोषित संपत्ति भी मिली।

2031 की इंदौर व देवास की मास्टर प्लानिंग (Master planing) के नक्शे भी दरियानी के घर से मिलने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। लग्जरी लाइफ जीने वाले दरियानी के बारे में बताते हैं कि वो कई बड़े बिल्डरों के संपर्क में था। वह इस तरह की प्लानिंग की जानकारी लागू होने के पहले ही उन्हें उपलब्ध करवा देता, जिससे उसे करोड़ों रुपए का फायदा होता था।

दरियानी के 10 बैंक खातों की जानकारी सामने आई है। इनको खंगालने में भारी पैसा और अन्य रहस्य सामने आने की संभावना है। ये भी पता चल सकता है कि कब किसने दरियानी को कितना पैसा दिया था।

*इंदौर की फाइलें क्यों?*
एसपी दिलीप सोनी के मुताबिक दरियानी के घर में इंदौर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की कई फाइलें मिली हैं। इससे कई शक हो रहे हैं क्योंकि करीब पांच साल पहले ही दरियानी का इंदौर से नीमच और फिर देवास से ट्रांसफर हो चुका था। इसके बाद भी उसके पास से इंदौर की फाइल मिलना बेहद आश्चर्यजनक है। अब इस बात की भी जांच की जाएगी कि इंदौर के दफ्तर में उसके कौन अफसर और कर्मचारी हैं जिनके जरिए दरियानी इंदौर की फाइलें लेता था।

*पद के दुरुपयोग का मामला*
दरियानी के घर से इंदौर की कई फाइलें मिली हैं,उसके खिलाफ पद के दुरुपयोग का प्रकरण भी अलग से दर्ज किया जाएगा। देवास में रहते हुए इंदौर में किस-किस से उसके तार जुड़े हुए हैं,इसकी भी पड़ताल की जाएगी। उसके घर से ऐसे कई दस्तावेज मिले हैं जिन पर उसका नहीं दूसरों का नाम दर्ज है,ऐसे सभी लोगों को नोटिस दे दिया गया है। उन्हें भी इस केस में आरोपी बनाया जाएगा।