WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Fadnavis Reversed Shinde’s Decision : महाराष्ट्र के पूर्व CM शिंदे के फैसले को CM फडणवीस ने पलटा, जांच के आदेश दिए!

जानिए, वो कौनसा मामला है जिस पर CM ने पूर्ववर्ती सरकार के फैसले पर टिप्पणी भी की!

Fadnavis Reversed Shinde’s Decision : महाराष्ट्र के पूर्व CM शिंदे के फैसले को CM फडणवीस ने पलटा, जांच के आदेश दिए!

Mumbai : सरकार बदलने के साथ ही महाराष्ट्र में टांग खिंचाई की शुरुआत हो गई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने उप मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सरकार में लिए फैसलों पर रोक लगाना दी और उसकी जांच के आदेश दिए। पूर्ववर्ती सरकार में फडणवीस उपमुख्यमंत्री थे। पिछली सरकार में परिवहन विभाग तब के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पास था। यह मामला उसी विभाग से जुड़ा हुआ है। शिंदे ने महाराष्ट्र रोड़ ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन के लिए बसें किराए पर लेने का फैसला किया था। लेकिन, अब फडणवीस ने उस फैसले पर न सिर्फ रोक लगाई, बल्कि उसकी जांच के भी आदेश दिए।

महाराष्ट्र में नई महायुति सरकार के कार्यभार संभालने के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस हर विभाग के काम की समीक्षा कर रहे हैं। पहले 100 दिनों के कार्यकाल के लिए उनकी योजनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने प्रेजेंटेशन दिए जाने के बाद परिवहन विभाग का जायजा लेते हुए शिंदे के फैसले की समीक्षा कराने की बात कही थी। लेकिन, अब उस पर रोक लगाकर जांच के आदेश दिए गए हैं।

अभी यह साफ नहीं हो सका कि मुख्यमंत्री पिछली सरकार के और भी फैसलों की समीक्षा करेंगे या नहीं। विपक्ष ने किराए पर बस लेने की योजना में 2800 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोप लगाए थे। विपक्ष के नेता अम्बादास दानवे ने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई स्पष्टीकरण अब तक नहीं मिला। महाराष्ट्र विधानसभा में नेता विपक्ष दानवे ने इस मामले में घोटाले के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 2022 में एमएसआरटीसी ने तेल समेत 44 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से बस किराए पर लिया था।

विभागीय प्रजेंटेशन के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने फडणवीस को बताया कि महाराष्ट्र रोड़ ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन ने हाल ही में 1,310 बसों को किराए पर लेने के लिए तीन निजी कंपनियों को आशय पत्र (एलओआई) दिया था। इसमें ईंधन लागत को छोड़कर 34.70 रुपये से 35.10 रुपये प्रति किमी की दर से बसों को किराया भुगतान करने का फैसला किया गया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि 2022 में महाराष्ट्र रोड़ ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन ने ईंधन लागत समेत 44 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से बसें किराए पर ली थीं।

अधिकारियों ने कहा कि अगर ईंधन की लागत 22 रुपये प्रति किमी को ध्यान में रखे तो प्रत्येक बस की लागत 56 से 57 रुपये प्रति किमी बैठ रहा है, जो पिछले समझौते की तुलना में प्रति किमी 12 से 13 रुपये ज्यादा है। इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने 1310 बसों को किराए पर लेने के फैसले पर रोक लगा दी। मुख्यमंत्री ने विभाग के अतिरिक्त सचिव को मामले की जांच करने का भी आदेश दिया है और इस मामले में रिपोर्ट तलब किया है।

मुख्यमंत्री फडणवीस के फैसले ने पूर्व मुख्यमंत्री शिंदे के फैसले की योग्यता पर सवाल खड़े कर दिए। क्योंकि, टेंडर प्रक्रिया सितंबर 2024 में शुरू की गई थी, जब वह मुख्यमंत्री थे और परिवहन विभाग के प्रमुख थे। इसके अलावा, शिंदे के करीबी सहयोगी भरत गोगावाले को सितंबर 2024 में ही महाराष्ट्र रोड़ ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। दिसंबर में महाराष्ट्र रोड़ ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन ने तीन निजी कंपनियों को एलओआई जारी किए थे।