
Firing at Petrol Pump: बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया तो कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग, संचालक को लगी गोली
भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट
भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में पेट्रोल ना देने पर युवकों ने पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें हाथ में गोली लगने से पेट्रोल पंप संचालक घायल हो गया। घायल पेट्रोल पंप संचालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बरोही थाना क्षेत्र में स्थित सावित्री लोधी पेट्रोल पंप की है।
दरअसल भिंड जिला कलेक्टर द्वारा बिना हेलमेट पेट्रोल ना देने का आदेश बीते दिनों जारी किया गया था। जिसके बाद पेट्रोल पंप संचालकों के लिए यह आदेश मुसीबत बन गया है। आये दिन पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल ना देने पर झगड़े हो रहे हैं।
ताजा मामले में भिण्ड जिले के बरोही थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 719 के पास स्थित सावित्री लोधी पेट्रोल पंप पर सुबह 4 बजे के लगभग बाइक पर सवार कुछ युवक पेट्रोल डलवाने पहुंचे। लेकिन कर्मचारियों द्वारा हेलमेट न होने पर पेट्रोल देने से मना कर दिया गया। जिसके बाद युवकों ने विवाद किया। विवाद के बाद उस समय तो युवक वहां से चले गए लेकिन आधा घंटे बाद हथियारों से लैस होकर आए और पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
सीसीटीवी में दिखाई दे रहे दो युवकों में से एक युवक के हाथ में माउजर बंदूक और दूसरे के हाथ मे रिवॉल्वर नजर आ रही है। फायरिंग की यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसमें दोनों ही एक के बाद एक फायर करते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिससे एक गोली पेट्रोल पंप संचालक तेज नारायण सिंह नरवरिया के दाएं हाथ में लगने से वह घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरोही थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बाइट- तेज नारायण सिंह नरवरिया, घायल पेट्रोल पंप संचालक





