
Government Suspends EE: वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति अशोभनीय टिप्पणी करने पर कार्यपालन अभियंता सस्पेंड
रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन जल संसाधन विभाग ने हसदेव नहर जल प्रबंध संभाग जांजगीर में पदस्थ कार्यपालन यंत्री शशांक सिंह को सस्पेंड कर दिया है।
इस संबंध में जारी आदेश में बताया गया है कि कलेक्टर जांजगीर-चांपा द्वारा दिए गए प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
जारी आदेश में बताया गया है कि शशांक सिंह द्वारा उनके कार्यालय के वाहन चालक शशिकांत साहू से हुए मोबाइल वार्तालाप का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें वे अपने अधीनस्थ वाहन चालक से मोबाइल पर अत्यंत अभद्र एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर अमर्यादित आचरण कर रहे थे। इसके साथ ही वार्तालाप में उन्होंने जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति भी अशोभनीय टिप्पणी करते हुए वाहन चालक को प्रताड़ित किया है।

शशांक सिंह कार्यपालन अभियंता का यह कृत्य मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के विरुद्ध होने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय प्रमुख अभियंता जल संसाधन विभाग नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।





