Groom Took the Procession Back : दुल्हन के वायरल फोटो देखकर बारात वापस लौटी

फोटो भेजने वाले कथित प्रेमी ने भी शादी से इंकार किया

2270

Indore : एक परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थी। बारात लेकर दूल्हा भी इंदौर आ गया था। इस बीच खबर आई कि दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। कुछ लोग इसका कारण जानने के लिए दूल्हे के परिवार के पास पहुंचे, तो उन्होंने मोबाइल पर वायरल हुए दुल्हन के अश्लील फोटो बता दिए। फिर नीमच से आई ये बारात वापस लौट गई। इसके बाद वधू पक्ष ने कथित प्रेमी शुभम से बात की और उसे शादी के लिए राजी किया। लेकिन, बाद में वह भी मुकर गया। इसके बाद पुलिस ने कथित प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

एडिशनल DCP प्रशांत चौबे के मुताबिक द्वारकापुरी में मंगलवार सुबह नीमच से बारात आई थी। कुछ देर बाद शादी में विवाद शुरू हो गया। देपालपुर में रहने वाले लड़के शुभम जैन ने बारात आने के बाद दूल्हे को लड़की के कुछ आपत्तिजनक फोटो भेज दिए, जिससे वह नाराज हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दूल्हे के पिता ने इस रिश्ते से ही इंकार कर दिया। दोनों पक्ष थाने पहुंचे, यहां थाना प्रभारी सतीश द्विवेदी ने आपस में मामला सुलझाने की समझाइश दी। करीब एक बजे तक दोनों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन दूल्हा शादी के लिए राजी नही हुआ। इसके बाद वह बारात लेकर वापस लौट गया।

दुल्हन के परिवार ने शादी में विघ्न डालने वाले प्रेमी शुभम का नंबर पता करके उसे फोन किया। उसे बताया गया कि बारात वापस लौट गई है, अगर वह लड़की से प्यार करता है तो यहां आकर इसी मंडप में शादी कर ले। शुभम पहले तो शादी के लिए राजी हो गया और अपने भाई के साथ इंदौर आने की बात की। लेकिन, कुछ देर बाद वह मुकर गया। उसने भी शादी से इनकार कर दिया।

शुभम के इंकार के बाद लड़की का परिवार फिर थाने पहुंचा। यहां टीआई ने शुभम से बात कर इंदौर आने के लिए कहा! लेकिन, उसने फोन ही बंद कर लिया। दुल्हन के परिवार के लोगों ने देपालपुर आने की भी बात कही, लेकिन बात नहीं बन पाई। शुभम को इंदौर लाने की कोशिश की गई, ताकि पारिवारिक स्तर पर पूरा मामला निपटाया जा सके, लेकिन वह नहीं माना। जिसके बाद शुभम के खिलाफ दुष्कर्म, IT एक्ट और अन्य मामलों में केस दर्ज किया गया।