Half A Dozen District Presidents will change in BJP: भाजपा में बदलेंगे आधा दर्जन जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी

710

Half A Dozen District Presidents will change in BJP: भाजपा में बदलेंगे आधा दर्जन जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी

भोपाल:चुनावी साल में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा संगठनात्मक बदलाव करेंगे। अब तक 15 जिला अध्यक्षों को बदलने के पश्चात अब होली के बाद आधा दर्जन जिलों के जिला अध्यक्षों को बदलने की तैयारी है। इसके अलावा कई प्रदेश पदाधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव होना तय माना जा रहा है।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ तालमेल बिठा पाने में नाकाम और संगठनात्मक गतिविधियों में वीक परफार्मेंस, निकाय चुनाव में पार्टी की गाइडलाइन का उल्लंघन करने समेत अन्य मामलों में जिम्मेदार माने जा रहे जिला अध्यक्षों पर एक्शन लेने की तैयारी भाजपा प्रदेश संगठन ने की है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष शर्मा जल्द ही मालवा, निमाड़, महाकौशल क्षेत्र के आधा दर्जन जिला अध्यक्षों को होली के त्यौहार के बाद हटाने का निर्णय ले सकते हैं। चुनावी साल में शुरू हो रहे बूथ विस्तारक अभियान 2.0 के पहले संगठन को सशक्त बनाने के लिए यह फैसला लिया जाएगा। चूंकि 14 मार्च से यह अभियान शुरू होने वाला है। इसलिए यह बदलाव अगले एक सप्ताह में होना तय माना जा रहा है। इसके अलावा कुछ प्रदेश पदाधिकारियों को दूसरे दायित्व मिलने के बाद वे संगठन के काम में अधिक समय नहीं दे पा रहे हैं। इन हालातों में तीन से चार प्रदेश पदाधिकारियों के दायित्वों में भी फेरबदल के कयास लगाए जा रहे हैं।

*अब तक यहां हो चुका है बदलाव* 

अक्टूबर 2022 में भिंड, गुना, ग्वालियर नगर, अशोकनगर, कटनी और नवम्बर 2022 में झाबुआ, अलीराजपुर, सिंगरौली, शाजापुर के जिलाध्यक्ष बदले गए थे। इसके बाद दिसम्बर 2022 में बीजेपी ने सीधी, डिंडोरी और आगर मालवा और इस साल जनवरी में सतना, फरवरी में अनूपपुर, राजगढ़ के जिला अध्यक्ष बदले थे। राजगढ़ और अनूपपुर में तो पूर्व जिला अध्यक्षों को फिर से जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा संभागीय प्रभारियों में भोपाल, जबलपुर, शहडोल, उज्जैन, चंबल संभाग के प्रभारी बदले जा चुके हैं। साथ ही भाजपा द्वारा जिन जिलों के जिला प्रभारियों को बदला गया है, उनमें मुरैना, ग्वालियर ग्रामीण, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, सिंगरौली, उमरिया, जबलपुर ग्रामीण, मंडला, बालाघाट, नर्मदापुरम, राजगढ़, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, आगर, देवास, रतलाम और नीमच जिले शामिल हैं।