WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

अमित शाह के संदेश के बाद बढ़ी मंत्रियों और विधायकों की धड़कनें!

लोकसभा चुनाव के परिणामों के आधार पर बनेगा रिपोर्ट कार्ड और तय होगा राजनीतिक भविष्य!

अमित शाह के संदेश के बाद बढ़ी मंत्रियों और विधायकों की धड़कनें!

भोपाल: केंद्रीय मंत्री अमित शाह की हिदायत के बाद मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अब मंत्री और विधायक पूरी ताकत से जुटे हुए दिखाई दे रहे है।

दरअसल पहले चरण में जिन क्षेत्रों में मतदान हुआ वहां पर उस लोकसभा क्षेत्र के भाजपा विधायकों ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने और पार्टी उम्मीदवार के प्रचार प्रचार में खासी रूचि नहीं दिखाई दी। जिसकी जानकारी अमित शाह तक पहुंची है। इसके चलते अमित शाह अब इस मामले में मुखर हो गए हैं। शाह के इन तेवरों ने मंत्रियों की भी धड़कने बढ़ा दी हैं।

अमित शाह गुरुवार की देर रात भोपाल आए थे। यहां पर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य नेताओं से मुलाकात की और साफ कहा कि विधायकों को यह बता दीजिए की लोकसभा चुनाव के परिणामों के आधार पर उनका रिपोर्ट कार्ड बनेगा और उनका राजनीतिक भविष्य तय होगा। सुबह सभी विधायकों को अमित शाह का यह संदेश पहुंचा दिया गया। इसके बाद जिन-जिन लोकसभा क्षेत्रों में शुक्रवार को मतदान हुआ, उन क्षेत्रों के भाजपा विधायक सुबह से सक्रिय हो गए और मतदान ज्यादा से ज्यादा करवाने के लिए अपने प्रयास भी करने लगे। इधर तीसरे और चौथे चरण में जहां पर मतदान होना हैं वहां जो विधायक पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार के लिए काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें भी यह शाह का संदेश पहुंचा दिया गया है।

*मंत्रियों के क्षेत्रों पर नजर* 

डॉ. मोहन यादव की सरकार में शामिल मंत्रियों के क्षेत्रों पर भी भाजपा के केंद्रीय संगठन की नजर है। इनके क्षेत्र में कितना प्रतिशत मतदान हुआ यह तो देखा ही जाएगा। इसके अलावा इनके विधानसभा क्षेत्र और जिले में भाजपा उम्मीदवार को कांग्रेस के मुकाबले में कितने वोट मिले इसके आधार पर इनका भी रिपोर्ट कार्ड बनाया जा सकता है। इसके आधार पर मंत्रियों का भी राजनीतिक भविष्य तय हो सकता है।