WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Indore Politics : कमलनाथ अपने साथ संजय शुक्ला को भोपाल ले गए, आज गुवाहाटी भी जाएंगे!

Indore Politics : कमलनाथ अपने साथ संजय शुक्ला को भोपाल ले गए, आज गुवाहाटी भी जाएंगे!

Indore : कांग्रेस की राजनीति में कल शाम उस समय नया मोड़ आया जब कमलनाथ भोपाल लौटते समय अपने साथ इंदौर के क्षेत्र क्रमांक 1 के विधायक संजय शुक्ला को साथ ले गए। इससे इंदौर की राजनीति में गर्माहट आ गई। इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि आखिर ऐसी कौनसी बात थी, कि कमलनाथ संजय शुक्ला को अपने साथ ले गए और आज दोनों गुवाहाटी में कामाख्या देवी के दर्शन करने भी जाएंगे।

धार और इंदौर के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ भोपाल रवाना होने लगे तो वे कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला को अपने साथ लेकर गए। कमलनाथ ने गुरुवार को शहर में कई कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके बाद रात को जब वे भोपाल के लिए रवाना हुए तो उन्होंने शुक्ला को भी अपने साथ ले लिया। बिना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के शुक्ला कमलनाथ एक साथ भोपाल रवाना हो गए। आज वे कमलनाथ के साथ गुवाहाटी जाएंगे। वहां दोनों कामाख्या माता के मंदिर पर दर्शन और पूजन करेंगे।

संजय शुक्ला को कमलनाथ के अपने साथ ले जाने से शहर की राजनीति गर्मा गई है। इस समय इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति का मामला अटका हुआ है। इसी बीच शुक्ला को दिए गए महत्त्व से यह स्पष्ट हो गया कि अब आने वाले समय में भी इंदौर की कांग्रेस की राजनीति में संजय शुक्ला की पसंद महत्वपूर्ण होगी। विधानसभा चुनाव से पहले यह स्थिति शुक्ला के लिए फायदेमंद बताई जा रही है।