WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

Big News of Khargone: 25 करोड़ रुपये के नवग्रह लोक का काम अटका, ठेकेदार को टर्मिनेशन नोटिस, इंदौर की कंसल्टेंट एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने का प्रस्ताव

महाकाल लोक की तर्ज पर बन रहे नवग्रह लोक को लेकर प्रशासन ने शुरू की सख्त कार्रवाई

2

Big News of Khargone: 25 करोड़ रुपये के नवग्रह लोक का काम अटका, ठेकेदार को टर्मिनेशन नोटिस, इंदौर की कंसल्टेंट एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने का प्रस्ताव

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बहुप्रतीक्षित 25 करोड़ रुपये के नवग्रह लोक कॉरिडोर प्रोजेक्ट में लगातार हो रही देरी और निर्माण गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। प्रशासन ने परियोजना से जुड़े ठेकेदार को टर्मिनेशन नोटिस जारी किया है, वहीं डीपीआर तैयार करने वाली इंदौर की कंसल्टेंट एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

महाकाल लोक की तर्ज पर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट का कार्य जून 2026 तक पूरा होना था, लेकिन अब तक कई महत्वपूर्ण हिस्से अधूरे हैं। घाट सेक्शन, कथा हॉल, मंडप हॉल, मुख्य प्रवेश द्वार और फिनिशिंग से जुड़े कई कार्य अभी बाकी हैं।

कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा नहीं होने और निर्माण गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठने के कारण ठेकेदार को टर्मिनेशन नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि अब अनुबंध समाप्त कर शेष कार्य नए ठेकेदार को सौंपा जाएगा ताकि परियोजना को जल्द पूरा किया जा सके।

पीआईयू के कार्यपालन यंत्री मनदीप डाबर के अनुसार, परियोजना के मुख्य ढांचागत कार्य पूरे हो चुके हैं, लेकिन फर्श निर्माण, कथा हॉल में दरवाजे-खिड़कियों की स्थापना, वॉश एरिया का विकास और नदी तट घाट पर सीढ़ियों का निर्माण अभी शेष है।

IMG 20260622 WA0009

प्रशासन ने ठेकेदार को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया है। यदि संतोष जनक उत्तर नहीं मिलने पर अनुबंध समाप्त होता है,तो नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करनी होगी, जिसके चलते निर्माण कार्य अक्टूबर के आसपास ही दोबारा शुरू हो सकेगा।

IMG 20260622 WA0012

गौरतलब है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिसंबर 2022 में इस परियोजना की घोषणा की थी। सितंबर 2023 में इसका भूमिपूजन किया गया था। लगभग 1.17 लाख वर्गफीट क्षेत्र में कुंदा नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक नवग्रह मंदिर के पास विकसित हो रहा यह प्रोजेक्ट जिले के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।