WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

Is FIR Possible Without Permission : सरकार की बिना अनुमति क्या सरकारी अधिकारियों पर FIR संभव!

हाईकोर्ट ने सरकारी वकील से एक मामले में यह सवाल पूछकर जवाब मांगा!

Is FIR Possible Without Permission : सरकार की बिना अनुमति क्या सरकारी अधिकारियों पर FIR संभव!

Allahabad : यूपी सरकार के अधिवक्ता से इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पूछा है कि क्या सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सरकार की अनुमति बिना प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा सकती है? कोर्ट अब इस मामले में 11 जुलाई को सुनवाई करेगी। न्यायमूर्ति विपिन चंद्र दीक्षित की पीठ ने यह जानकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी की पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई करते मांगी है।
यह मामला रेलवे द्वारा नियमित हुए 115 कैजुअल कर्मचारियों से जुड़ा है। आरोप है कि कैजुअल कर्मचारियों का रिकॉर्ड दुर्भावनापूर्ण ढंग से नष्ट किया गया! मामले में उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार एवं वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी बृजेश कुमार चतुर्वेदी व अन्य पूर्व अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज कर विवेचना करने की मांग की गई है।

याचिका दायर करने वाले का कहना है कि रेलवे महाप्रबंधक व अन्य अधिकारियों ने 115 कैजुअल कर्मचारियों को 11 दिसंबर 1996 को नीति के तहत नियमित किया। लेकिन, अधिकारियों ने कई वास्तविक कर्मचारियों को नियमित न कर अपने चहेतों को नियमित कर दिया। केंद्रीय सूचना आयोग के निर्देश पर विजिलेंस जांच की गई। रिपोर्ट में कहा गया कि विभाग में नियमित कर्मचारियों का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।

याचिका में कूट रचित दस्तावेज तैयार करने, सरकारी दस्तावेज बिना प्राधिकार के नष्ट करने के आरोप में धूमनगंज थाने में शिकायत की गई। सुनवाई न होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष अर्जी दी। मजिस्ट्रेट ने कहा लोक सेवक के विरुद्ध सरकार या विभाग की अनुमति लिए बगैर आपराधिक केस दर्ज नहीं किया जा सकता और अर्जी खारिज कर दी। अब इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है।

हाईकोर्ट के समक्ष सुप्रीम कोर्ट के इंस्पेक्टर ऑफ पुलिस व अन्य बनाम बटेनापाटला वेंकट रत्नम व अन्य के केस में दिए गए आदेश का हवाला दिया। कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह जरूरी नहीं है। इस पर कोर्ट ने याचिका दायर करने वाले के अधिवक्ता से आदेश की फोटोकॉपी सरकारी अधिवक्ता को मुहैया कराने को कहा और पूछा कि क्या ऐसा है। यह एक कानूनी सवाल है और विचारणीय है। सरकारी अधिवक्ता बताएं कि क्या सरकार की अनुमति के बगैर सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया जा सकता है?